सदर बाजार थाने की पुलिस की गिरफ्त में सट्टेबाजी के आरोपी।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हैदराबाद सनराइजर्स और मुंबई इंडियन्स के मैच में सट्टा लगवा रहे दो भाइयों आशीष उर्फ सोनू और अंशुल को शुक्रवार की रात स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल, डेबिट/क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गिरोह का सरगना झांसी का रहने वाला है।
एसओजी प्रभारी रोहित कुमार ने मुखबिर की सूचना पर टीम के साथ शुक्रवार रात सदर बाजार थाना क्षेत्र में मोहल्ला बाडूजई प्रथम में बाबूराम के मकान पर दबिश दी थी। यहां से पुलिस ने मोहल्ले के ही रहने वाले दो भाइयों आशीष और अंशुल को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल के साथ हिसाब रखने के चार रजिस्टर भी बरामद हुए हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शुक्रवार रात को आईपीएल के सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस के मैच में वे लोग ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। वे लोग दो लैपटॉप और चार मोबाइलों के माध्यम से सट्टा लगवाते हैं। सट्टे का कारोबार दो वेबसाइटों पर ग्राहकों को आईडी और पासवर्ड देकर ऑनलाइन किया जाता है। सट्टे में जीतने या हारने वालों से रुपयों का लेन-देन गूगल-पे, फोन-पे, पेटीएम आदि के माध्यम से होता है।
आरोपियों के खाते से सीधा संबंधित व्यक्ति के खाते में रकम ट्रांसफर की जाती है। गिरोह का सरगना प्रेम खटिक है, जो वेबसाइट, आईडी, पासवर्ड आदि का संचालन झांसी से करता है। रुपये का सारा हिसाब-किताब भी वही करता है। एसपी एस. आनंद ने बताया कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों की जांचकर आगे कार्रवाई की जा रही है।