शाहजहांपुर। यूक्रेन के खारकीव में मुश्किल हालात को नजदीक से देखने वाला मोहम्मद सानी मंगलवार को भारत लौट आया। उसका हवाई जहाज सुबह दिल्ली में उतरा। शाम में वह घर आ गया। बेटे की सकुशल वापसी से परिजन ने राहत की सांस ली है।
महमंद जंगला निवासी मोहम्मद आसिफ का बेटा मोहम्मद सानी खारकीव की नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस कर रहा था। हालात खराब होने के बाद सबसे अंत में यूक्रेन से सानी ही निकला। इस बीच उसने तमाम दुश्वारियों का सामना किया। रोमानिया के रास्ते हवाई जहाज के जरिये मंगलवार को सानी भारत लौट आया। उसका हवाई जहाज दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर उतरा। वहां से उत्तर प्रदेश भवन में जाने के बाद शाम को घर लौट आया। बेटे की वापसी के बाद मोहम्मद आसिफ और उनकी पत्नी सबीहा काफी ज्यादा खुश हैं। आसिफ ने बताया कि बेटे ने इंडिया पहुंचने के बाद अल्लाह का शुक्रिया अदा किया।