शाहजहांपुर के अंटा चौराहे पर लगा जाम में फंसे लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। धनतेरस को लेकर रूट डायवर्जन के बाद भी लोगों को जाम से निजात नहीं मिली। अंटा चौराहा, सदर थाने के सामने और टेलीफोन एक्सचेंज वाले रोड पर काफी जाम बना रहा। करीब डेढ़ घंटे तक वाहन रेंग रेंगकर जाम से निकलते रहे।
धनतेरस को लेकर पुलिस ने मंगलवार से रूट डायवर्जन कर दिया था। माना जा रहा था कि रूट डायवर्जन कर लोगों को जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। लेकिन दोपहर करीब डेढ़ बजे अंटा चौराहा पर भीषण जाम लग गया। इनमें सबसे ज्यादा ई-रिक्शा थे, जो जल्दी निकलने के चक्कर में तेजी से चौराहा पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी से अंटा चौराहा पर जाम लग गया।
करीब डेढ़ घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। अंटा चौराहे से एक रास्ता कचहरी, दूसरा अंजान चौकी की तरफ और तीसरा शेखर अस्पताल की तरफ और चौथा रास्ता बेरी चौकी की तरफ जाता है। जाम में फंसे सबसे ज्यादा ई-रिक्शा वाले अंजान चौकी की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। चौराहे पर आड़े तिरछे ई-रिक्शा व अन्य वाहन खड़े हो गए। यातायात व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी मौजूदा समय में होमगार्डों पर डाली गई है। यही कारण है कि लोगों को जाम से निजात नहीं मिल पाता है।
थाना सदर बाजार के सामने एक गड्डा खोदा जा रहा है। इसकी वजह से रोड पर जगह कम बची है। शहर मुख्य बाजार होने के कारण यहां पर प्रतिदिन काफी भीड़ रहती है। लेकिन यहां भी आड़े तिरछे ई-रिक्शा ही नजर आ रहे हैं। इसकी वजह से जाम लग गया और करीब एक घंटे तक लोगों को इससे जूझना पड़ा।
घंटाघर के पास से बहादुरगंज जाने वाले रोड को धनतेरस की वजह से बंद कर दिया है। वाहनों को टेलीफोन एक्सचेंज वाले रोड से होकर लाल इमली चौराहे की ओर जाने दिया जा रहा है। इस वजह से इस रोड पर भी छोटे-बड़े वाहन रोड पर फंस गए और जाम लग गया।