शाहजहांपुर। अलग-अलग हादसों में दो महिलाओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर मौत हो गई। सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में नर्सिंग की छात्रा को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया, जबकि गढ़ियारंगीन थाना क्षेत्र में दवा लेकर लौट रही महिला की हादसे में मौत हो गई।
ददरौल। कांट थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी सुधीर कुमार अपनी पत्नी रीता देवी (30), चार वर्ष के बेटे आयुष और छह वर्ष की बेटी साक्षी के साथ बाइक से शहर आ रहे थे। थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव सरौली के पास पीछे से आ रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक से उछलकर रीता ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आकर दब गई। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
हादसे में सुधीर और उसके दोनों बच्चों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति ने बताया कि रीता फ्लोरेंस नाइटिंगेल नर्सिंग कॉलेज से जीएनएम का कोर्स कर रही थी। वह द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।
जैतीपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव कुनिया चचोरा की रहने वाली कमला (45) पत्नी हरीश अपने बेटे भूरे के साथ बदायूं के उसावां दवाई लेने के लिए शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे गई थी। शाम 4 बजे घर लौट रही थी। गांव से दो किलोमीटर पहले गढ़ियारंगीन थाना क्षेत्र के गांव खमरिया के पास सामने से आ रहे पड़ोस के गांव चचोरा के ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। बाइक से गिरकर कमला ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गई।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा भूरा भी चोटिल हो गया। राहगीरों की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। कमला के 6 संतानें हैं जिनमें चार पुत्र व दो पुत्रियां हैं। ट्रैक्टर चालक क्षेत्र के ही गांव का रहने वाला है। वह मौके से भाग गया।
थाना प्रभारी सुंदरलाल वर्मा ने बताया कि हादसे की तहरीर प्राप्त हो गई। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।