कांट। मरहैया और नसतारा तालाब सहित नगर के सभी सरकारी तालाबों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए राजस्व टीम ने शनिवार को उनका सीमांंकन किया। इस दौरान नायब तहसीलदार पूनम मधुकर और नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां भी मौजूद रहीं।
दोनों अधिकारियों ने तालाबों के रकबे की माप कराकर उनकी रिपोर्ट तैयार कराई। यह रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज कर अतिक्रमण हटाने के बारे में दिशा निर्देश लिए जाएंगे। बता दें कि नसतारा तालाब, टंकी के पीछे स्थित मरहैया तालाब समेत अन्य कई सरकारी तालाबों पर दशकों से तमाम लोग अवैध कब्जे किए हुए हैं। इस वजह से तालाब सिमट रहे हैं।
इस आशय की शिकायतें मिलने पर प्रशासन ने तालाबों का सीमांकन कराकर उनकी वास्तविक सीमा का निर्धारण किया गया। इस दौरान कानूनगो अवधेश वर्मा, लेखपाल प्रमोद माथुर, उमेश कुमार आदि मौजूद रहे। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तालाबों के सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर पूरी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है। डीएम से दिशा निर्देश प्राप्त होने के बाद अतिक्रमण हटाकर तालाबों से अवैध कब्जे हटाने का अभियान शुरू कर दिया जाएगा। संवाद