शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त अमीन रामसेवक श्रीवास्तव (62) ने फंदे से लटककर जान दे दी। कोरोना के चलते पत्नी की मौत होने के बाद वह मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे।
रामसेवक बृहस्पतिवार की रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए चले गए थे। इस बीच कमरे में तहमद को कुंडे में डालकर फंदा बनाने के बाद लटककर उन्होंने जान दे दी। रात करीब डेढ़ बजे परिजन जागे ताे शव लटका देखकर चीख-पुकार मच गई। रात में पुलिस को सूचना दी गई।
सदर थाना प्रभारी रवींद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि करीब तीन साल पहले कोरोना के चलते पत्नी सोमवती का निधन हो गया था, तभी से वह गुमसुम रहने लगे थे। वह अपने पीछे तीन बेटे व एक बेटी को छोड़ गए हैं।