शाहजहांपुर कलक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को दिव्यांग बेटे के साथ डीएम से मिलने जाते दंपती। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला छोटा चौक निवासी राम प्रकाश और उनकी पत्नी रेनू सोनी दिव्यांग बेटे शिवम को व्हीलचेयर पर बैठाकर शुक्रवार को दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचे। मेहनत-मजदूरी कर गुजारा करने वाले दंपती ने डीएम उमेश प्रताप सिंह को प्रार्थना पत्र देकर दिव्यांग बेटे को शिक्षा और उसके लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। डीएम ने उनका प्रार्थना पत्र आवश्यक कार्रवाई को समाज कल्याण विभाग भेजा है।
दंपती ने डीएम को बताया कि उनके दो बच्चों में बेटी बड़ी और विवाह लायक हो रही है। उनका 12 वर्षीय बेटा शिवम कुछ वर्ष पहले दिमागी बुखार की चपेट में आ गया। तभी से उसके शरीर के हाथ-पैर आदि कई अंग शिथिल पड़ने से वह चलने-फिरने में लाचार हो गया। इसी वजह से स्कूल में उसकी पढ़ाई भी छूट गई।
रामप्रकाश ने डीएम को बताया कि बेटे को पैरों में कैलीपर लगवाए, लेकिन वह बिना किसी सहारे के खड़े होने में भी असमर्थ है। अब डॉक्टर ने उसके दाएं हाथ को काम लायक बनाने के लिए कृत्रिम अंग लगाने की आवश्यकता बताई है, लेकिन उस पर 20 हजार रुपये खर्च बताया गया है। उन्होंने दिव्यांग बेटे को आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के साथ ऐसे स्कूल में दाखिला कराने का अनुरोध किया, जहां उसकी उचित देखभाल हो सके। संवाद