उत्तर प्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन के अंतर्गत बुधवार को दवा प्रतिनिधि एक दिन की अखिल भारतीय हड़ताल पर रहे। दवा प्रतिनिधियों ने बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
अखिल भारतीय संगठन एफएमआरएआई के आह्वान पर सुबह नौ बजे सभी दवा प्रतिनिधि शहीद उद्यान के पास एकत्र हुए और बाइक रैली के रूप में शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान सभी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कलक्ट्रेट में अध्यक्ष मुरारी लाल ने कहा कि अखिल भारतीय आवाहन पर देशभर में तीन लाख दवा प्रतिनिधि हड़ताल पर हैं। 1982 में कानून में संशोधन कर सेल्स प्रमोशन के कार्य को उद्योग का दर्जा दिया गया है, लेकिन ड्रग लॉबी के दबाव के चलते केंद्रीय सरकार इसे लागू को टाल रही है। सचिव अशित मिश्रा ने कहा कि कुछ राज्य सरकारों ने न्यूनतम वेतन, आठ घंटे काम का नोटीफिकेशन जारी किया है पर इसे प्रभावी लागू करने का अभाव है। हड़ताल में मनोज अवस्थी, आशीष शुक्ला, विजय मिश्रा, हिमांशु मिश्रा, अनुराग गुप्ता, गौरव श्रीवास्तव, मुदित शुक्ला, सीएल तिवारी, अवधेश मिश्रा, अंकित श्रीवास्तव, बृजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।