शाहजहांपुर। मानसून की पहली बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत दिलाई। बुधवार आधी रात से लेकर बृहस्पतिवार को दोपहर बाद तक 77 मिमी बारिश हुई। रात में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री घटकर 24.6 और अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री घटकर 27 डिग्री सेल्सियस रह गया। शहर में कई जगह निचले स्थानों पर नाले-नालियां उफनाने से जलभराव हो गया। रोडवेज स्टेशन और उसके सामने टैक्सी स्टैंड परिसर में देर तक पानी भरा रहा।
शहर में मोहल्ला मोहम्मद जई और कैंट क्षेत्र में जीएफ कॉलेज मार्ग पर देर तक पानी भरा रहा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार इस वर्ष जून माह में केवल 81 मिमी बारिश हुई जो बीते वर्ष इसी माह में हुई 137 मिमी बारिश से काफी कम है। शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहेंगे और दिन में तेज हवा चलने के साथ बारिश का क्रम जारी रहने की उम्मीद है।
बारिश और तेज हवा से घंटों ठप रही बिजली आपूर्ति
शाहजहांपुर। ककरा कलां, आनंदपुरम, हयातपुरा, लोधीपुर में एनटीआई के पास आदि कई स्थानों पर जंपर जलने, तार आपस मेें उलझनें और पेड़ की डालेें टूटकर गिरने आदि कारणों से आधी रात से दोपहर तक लाइनें बंद रहीं। तेज हवा के कारण रात 1.40 बजे से सुबह छह बजे तक ककरा उपकेंद्र की 33 केवी मेन लाइन खराबी के कारण बंद रही। प्रभारी जेई सत्यपाल सिंह ने सुबह लाइन चालू कराई, लेकिन बाद में 11 केवी लाइनें शॉर्ट सर्किट से बंद होने लगीं।
इधर, बहादुरगंज उपकेंद्र के टेलीफोन एक्सचेंज फीडर की लाइन का एक इंसुलेटर दोपहर करीब एक बजे जल गया। गोविंदगंज उपकेंद्र की ऐमनजई जलालनगर वाली लाइन भी देर रात से सुबह नौ बजे तक बंद रही। उधर, निगोही उपकेंद्र परिसर में पानी भर जाने से कस्बा व ग्रामीण अंचलों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। एसडीओ अनिल रावत के अनुसार पानी निकलने पर ही विद्युत आपूर्ति चालू करना संभव हो सकेगा। संवाद
खेत हुए लबालब तो धान की रोपाई में आई तेजी
शाहजहांपुर। सुबह झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। जिन किसानों की धान की नर्सरी तैयार हो चुकी है, उन्होंने खेत मजदूरों को जुटाकर परिवार के सदस्यों के साथ धान की रोपाई का काम शुरू कर दिया है। जिले में इस वर्ष 2.04 लाख हेक्टेयर रकबा में धान की फसल होनी है। साधन संपन्न किसान नलकूप से खेत भरकर करीब 30 फीसदी रकबा में धान पौध लगा चुके हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी एवं वरिष्ठ शस्य वैज्ञानिक डॉ. एनसी त्रिपाठी के अनुसार एक दिन के अंतराल पर दोबारा भारी वर्षा हुई तो रोपाई के लिए खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने बताया कि बारिश से गन्ना और सब्जियों को बढ़वार मिलेगी और हाल ही में बोए गए मक्का, बाजरा आदि मोटे अनाजों की उपज को लाभ होगा। उनका कहना है कि अब किसान भाई दलहनी और तिलहनी फसलों की बुआई की तैयारी भी कर सकते हैं। संवाद
पुवायां में एमएलसी के आवास में भर गया पानी
बुधवार रात बारिश होने पर नगर पालिका के नालों की सफाई कराने के दावों की पोल खोलकर रख दी। ज्यादा बारिश होने के कारण नगर के मोहल्ला सतीशपुरम में भाजपा एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता के आवास में पानी भर गया। इससे एमएलसी बाइक पर बैठकर घर से बाहर निकल सके। एमएलसी ने परेशानी को सोशल मीडिया पर भी साझा करते हुए नगर पालिका को आईना दिखाया है।
पुवायां तहसील में वकीलों की सीटों के पास रास्ते में भरा पानी- फोटो : POWAYAN
पुवायां क्षेत्र में धान की रोपाई करते श्रमिक- फोटो : POWAYAN
शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को सुबह बारिश के बाद जीएफ कालेज जाने वाले मार्ग पर भरा पानी। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
ाहजहांपुर में टैक्सी स्टैंड भरा बारिश का पानी। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR
जली कोठी मार्ग की सीवर लाइन डालने को खोदी गई सड़क में भरा पानी । संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR