शाहजहांपुर में बुधवार की शाम हुई बारिश के दौरान छाता लगाकर बाइक से जाते लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सुबह को शाम तक मौसम ने कई बार करवट बदली। मंगलवार रात से बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री घटकर 25.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। दिन में तीखी धूप निकली तो उमस के साथ गर्मी से जनजीवन बेहाल होने लगा। शाम करीब चार बजे से धूल भरी तेज हवा के बाद कुछ देर बूंदाबांदी होने लगी। इससे हवा मेें नमी बढ़ी और अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री घटकर 41 डिग्री सेल्सियस हो गया। बाद में धूप निकलने से वातावरण में गर्मी के साथ उमस फिर से बढ़ने लगी।
बैरोमीटर सूचकांक में सामान्य से 19 अंक की गिरावट के कारण वायुदाब में भारी कमी रात से जाहिर होने लगी। इससे ऐसा लगा कि सुबह तक मौसम बदलेगा, लेकिन सूर्योदय के बाद धूप की किरणें जमीन पर उतरीं तो अन्य दिनों की तरह आसमान से आग बरसने लगी। दोपहर दो बजे तक तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। इस दौरान बाजारों में भी भीड़ कम रही। अपराह्न तीन बजे के बाद उत्तर-पूर्वी क्षितिज पर धूसर बादल छाए तो मौसम खराब होने के संकेत मिलने लगे। शाम चार बजे से हवा के झोंके तेज हो गए। इसी के साथ बादलों ने आसमान को ढंककर गरजना-बरसना शुरू कर दिया।
हालांकि, बमुश्किल दस मिनट हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे हवा में नमी बढ़ने से गर्मी से थोड़ा सुकून मिला, लेकिन बाद में बादल छटने पर फिर से धूप निकली तो गर्मी के साथ उमस ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह के अनुसार मामूली बारिश से जमीन पर केवल छिड़काव जैसा हुआ, इतना पानी नहीं बरसा कि उसकी गणना की जा सके। उनका कहना है कि पर्याप्त बारिश नहीं होने और बाद में धूप निकलने से वातावरण ज्यादा गर्म प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि वायुदाब में कमी को देखते अगले 24 घंटे तक आंधी और हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी।