शाहजहांपुर। नगर में चल रही रामलीला में बृहस्पतिवार को रामजन्म के बाद भगवान राम की बाल लीला, विश्वामित्र द्वारा राम-लक्ष्मण को मांगने और ताड़का वध समेत कई लीलाओं को मंचन किया गया। नवचेतना कला परिषद के कलाकारों द्वारा लीलाओं के मंचन को देखने के लिए दर्शक पहुंचे। इसके साथ ही लोगों ने मेले का आनंद भी लिया।
शहर के खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर रामलीला व मेले का आयोजन किया जा रहा है। पिछले साल कोरोना संक्रमण की वजह से रामलीला मंचन और मेला नहीं लग सका था। लेकिन इस बार आयोजन होने से नगरवासियों में ही नहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में खासा उत्साह है। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में दर्शक रामलीला देखने पहुंचे।
रामलीला में भगवान राम की बाल लीला, विश्वामित्र द्वारा राम-लक्ष्मण को मांगने और ताड़का वध की लीला प्रमुख रही। इनके अलावा आहिल्या उद्धार, गंगा दर्शन की लीलाओं का भी सजीव मंचन किया गया, जिसको देखकर दर्शक भावविभोर हो गए।
इसमें वीरेंद्र रस्तोगी, किरन, अग्निवेश गुप्ता, सिम्मी गुप्ता, विनीत गुप्ता, स्वाति गुप्ता, अशोक अग्रवाल, लालाराम गुप्ता, कुसुम शर्मा, राघव वशिष्ठ, वीरेंद्र गुप्ता, पुष्पा गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, अरुण खंडेलवाल, अंजू खंडेलवाल आदि शामिल हुए। रामलीला के आयोजकों में चंद्रशेखर खन्ना, नरेंद्र गुरु, वीरेंद्र पाल सिंह यादव, नीरज वाजपेई, आनंद मिश्रा, अनूप गुप्ता, शिवेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।