शाहजहांपुर के नवनिर्मित पावर केबिन में ट्रेनों के आपरेटिंग सिस्टम को व्यवस्थित करते रेलवे के इं
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर-पीलीभीत रेलखंड पर अगस्त माह में ट्रेनों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए उत्तर रेलवे से ब्लॉक मिलने के बाद शाहजहांपुर जंक्शन पर नॉन इंटरलॉकिंग के काम को अंतिम रूप दिया जा रहा था। बुधवार को रेलवे के अफसरों ने इन कामों का फाइनल टेस्ट किया। चार अगस्त को सीआरएस निरीक्षण होने की संभावना है, जिसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू होगा।
बुधवार को दोपहर 12:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक ब्लॉक के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में न सिर्फ रेलखंड के भीतर पुरानी रेल पटरी व स्लीपर परिवर्तित कर ट्रेन की गति बढ़ाने की पूरी कोशिश की गई बल्कि रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर परिवर्तन कनेक्टिविटी दुरुस्त करते हुए सभी ट्रैक के पुराने ज्वाइंट को समाप्त कर नए प्वाइंट व सिग्नल सिस्टम तैयार किए गए।
इस बीच अफसरों ने हाईटेक कंप्यूटरीकृत परिचालन सिस्टम को अपडेट किया। कार्य के दौरान विद्युतीकरण के ढीले तारों की कसाई करते हुए अप-डाउन मेल ट्रैक व प्लेटफार्म ट्रैक तथा साइडिंग ट्रैक को फिट करते हुए आंतरिक परीक्षण किया। एडीईएन रिषभ दत्त ने बताया कि एडीआरएम मान सिंह मीणा ने बुधवार को नॉन इंटरलॉकिंग और यार्ड रिमॉडलिंग के कार्य का निरीक्षण किया। वह मंगलवार दोपहर बाद यहां आए थे और बुधवार शाम 5:00 बजे मुरादाबाद के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने फाइनल टेस्टिंग के काम पर पूरी नजर रखी।
वहीं, नॉन इंटरलॉकिंग के दौरान अधिकांश ट्रेनों के निरस्त होने तथा बुधवार को अवशेष ट्रेनों का संचालन ट्रैक के ज्वाइंट तैयार करने की वजह से मेन ट्रैक से किया गया। मेन ट्रैक से ट्रेनों का संचालन होने से महिला व निशक्त यात्रियों के साथ अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। संवाद