शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग व रिमॉडलिंग का काम करते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पूर्वात्तर रेलवे के शाहजहांपुर व पीलीभीत रेलवे स्टेशन की ब्रॉडगेज लाइन को जोड़ने का काम बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। इसके लिए एक सप्ताह का ब्लॉक लिया गया है। ब्लॉक के दौरान ही प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, नॉन इंटरलॉकिंग और रिमॉडलिंग का काम किया जाएगा। बृहस्पतिवार को इस दौरान पैसेजर ट्रेनों का संचालन नहीं हुआ, तो कुछ ट्रेन गाजियाबाद, कानपुर से होकर चलीं।
ब्रॉडगेज लाइन पर नॉन इंटरलॉकिंग व यार्ड रिमॉडलिंग का काम सुबह ही शुरू हो गया। इसको लेकर पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही थी। बुधवार को डीआरएम तरुण प्रकाश ने तमाम अफसरों के साथ तैयारियों का जायजा भी लिया था और सभी अफसरों को अपने-अपने विभाग का काम तय वक्त पर पूरी मुस्तैदी से करने के आदेश दिए थे।
बृहस्पतिवार को शुरू हुए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते ट्रेनों का कैंसिलेशन, डायवर्जन और टर्मिनेशन किया गया। काम पूरा होने के बाद यहां से नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा। रिमॉडलिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 28 जुलाई तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। बृहस्पतिवार को ब्लॉक मिलने के बाद 28 जुलाई तक 16 ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है, जबकि 15 गाड़ियों के रूट में परिवर्तन किया गया है।