शाहजहांपुर। चाइनीज मांझे के विरोध में खन्नौत नदी में धरना-प्रदर्शन करते जनता की आवाज संगठन के का?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पतंगबाजी के शौकीन युवाओं, किशोरों और बच्चों चाइनीज मांझा का प्रयोग किए जाने से राहगीरों के साथ हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद उसकी बिक्री पर प्रभावी रोकथाम नहीं हो सकी है। इस सम्बंध में ज्ञापन दिए जाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर सामाजिक संगठन जनता की आवाज के संस्थापक अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने सोमवार को कार्यकर्ताओं के साथ खन्नौत नदी में खड़े होकर प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह को डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन दिया और पतंग की दुकानों पर छापेमारी कर चाइनीज मांझा बेंचने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया गया है कि जिले में चाइनीज मांझा को लेकर पहले भी कई बार विभिन्न संगठनों ने आंदोलन कर ज्ञापन दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से उसकी खुलेआम बिक्री हो रही है। चाइनीज मांझा से तमाम पशु-पक्षी मर चुके हैं और आए दिन राहगीर घायल हो रहे हैं। हाल ही में एक वकील और मजदूर गंभीर घायल हो चुके हैं। सड़कों पर बाइक और साइकिल सवारों के साथ हादसे हो रहे हैं। इसलि चाइनीज मांझा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगना चाहिए। प्रदर्शन में संगठन के महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सोनी गुप्ता, संगठन प्रभारी इस्तेखार अहमद, संकल्प अवस्थी, विजय विनोद गुप्ता, शिवा गुप्ता, प्रीति देवी, आरुष अवस्थी, अर्पित गुप्ता आदि शामिल रहे।