तिलहर विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग बूथों का निरीक्षण करते डीएम व एसपी । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र तिलहर के पोलिंग बूथों का भौतिक निरीक्षण किया। कमियों को तत्काल सुधारने का निर्देश दिया, जिससे कि मतदान के दिन कोई अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने तिलहर क्षेत्र के एलबीजेपी इंटर कॉलेज तिलहर, प्राथमिक विद्यालय कपसेरडा, प्राथमिक विद्यालय बंथरा आदि में बने मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर आयोग की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं जिससे कि मतदाताओ को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टी के आवागमन का रास्ता है अथवा नहीं, फर्नीचर, विद्युत कनेक्शन, वायरिंग, शौचालय तथा दिव्यांग मतदाता के लिए रैंप के साथ ही पेयजल, बाउंड्रीवाल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा।
निर्देश दिए कि कहीं व्यवस्था में कमियां हैं तो उसे संबंधित अधिकारी से समन्वय स्थापित कर ठीक कराया जाए। डीएम ने मौके पर मौजूद बीएलओ को सख्त निर्देश दिए कि मतदाताओं की मतदान पर्चियों को जल्द से जल्द वितरित किया जाए। डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय बल्लिया व पूर्व माध्यमिक विद्यालय हथौड़ा बुजुर्ग में बने बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम उमेश प्रताप सिंह और एसपी एस आनंद ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय हथौड़ा बुजुर्ग स्थित मतदान स्थल पर बूथ संख्या 61 से लेकर 68 तक विभिन्न कक्षों को देखा।
उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था, मतदान कक्षों में रोशनी आदि की व्यवस्था के बारे में जानकारी लेकर संतुष्टि व्यक्त की। डीएम ने कहा कि मतदाताओं की मतदान पर्चियों को कल तक वितरित कर दिया जाए। किसी भी मतदाता की पर्ची न छूटे। सभी व्यवस्थाएं जल्द से जल्द सुनिश्चित कर ली जाएं। डीएम ने मौजूद लोगों से शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान करने की अपील की।