फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम बोलेः योग्यता से नहीं, पहले रुपयों के बल पर होते थे ट्रांसफर और पोस्टिंग

विज्ञापन
जलालाबाद में काकोरी शहीद इंटर कॉलेज के मैदान पर जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्य न? - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। खिरनीबाग स्थित जीआईसी मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर जमकर हमला बोलने के साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पहले ट्रांसफर-पोस्टिंग का आधार योग्यता नहीं होती थी। रुपये की बोली लगाई जाती थी। पूरे प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था का राज था। आज शाहजहांपुर में जो विकास हुआ है उसके लिए आजादी के बाद से लोग तरसते रहे थे।
विज्ञापन

योगी आदित्यनाथ निर्धारित समय से लगभग सवा घंटे देरी से जनसभा स्थल पहुंचे थे। मैदान के अंदर और बाहर मौजूद लोगों ने जय श्री राम के नारों से उनका स्वागत किया। पहले योगी आदित्यनाथ ने 226 करोड़ की 101 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। लाभार्थियों को योजना के अंतर्गत चेक और स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने माइक संभाला। शुरुआत शाहजहांपुर के अमर शहीदों का जिक्र करते हुए नमन किया। साथ ही पूर्व सांसद स्व. बिशनचंद्र सेठ के हिंदुत्व के लिए किए कार्यों का स्मरण किया। सपा को उसके भ्रष्टाचार के लिए कोसा। फिर कहा कि शाहजहांपुर की जनता पिछले साढ़े चार साल के दौरान हुए विकास कार्यों की साक्षी है। शहर में अच्छी सड़कें, बिजली आपूर्ति, नगर निगम बनना, शहीद पार्क की स्थापना, मेडिकल कॉलेज बनना, एसटीपी, पेयजल स्कीम का जिक्र किया।
उन्होंने कैराना का जिक्र करते हुए कहा कि आज वहां से पलायन किए हुए लोग वापस आ गए हैं। अब अपराधी पलायन कर रहे हैं। एक दिन पहले कैराना के एक ऐसे परिवार से मिलने गया जो गुंडागर्दी के कारण 2015 में पलायन कर गया था और 2017 में लौटा था। एक छोटी बच्ची से बातचीत की तो उसने कहा कि अब डर नहीं लगता। पिछली सरकार ने अपराधियों का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण किया। इससे प्रदेश के विकास में बाधा आई। सिर्फ एक परिवार का विकास हुआ। 2017 से पहले बिजली नहीं मिलती थी। कानून व्यवस्था बदहाल थी।
विज्ञापन

हमारी सरकार बनने के बाद न केवल वर्तमान बेहतर है, बल्कि भविष्य भी उज्ज्वल है। 2017 से पहले त्योहार भी मनाने की आजादी नहीं थी। आज सारे त्योहार हर्षोल्लास से मनाए जाते हैं। पिछले साढ़े चार साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। सरकार का संदेश साफ है कि शांति से रहो और शांति से रहना सीखो। वरना आने वाली पीढ़ी को चुकाना पड़ेगा। पहले बच्चियां स्कूल जाने से डरती थीं। पहले जो अपराधी सत्ता का सरपरस्त बनकर आम आदमी का जीना मुश्किल किए हुए था अब गले में तख्ती डालकर जान बख्शने की गुहार लगा रहा है। अब ऐसा दुस्साहस कोई नहीं करेगा।
अवैध हवेलियों पर सरकार का बुलडोजर चलता है। जब नेक नीयत से कार्य हो और सोच ईमानदार हो तो काम दमदार होता है। कभी उत्तर प्रदेश केंद्र की योजनाओं में सबसे पीछे होता था, जबकि आज 34 योजनाओं के क्रियान्वयन में अव्वल है। कोरोना काल में पूरी दुनिया पस्त है। प्रधानमंत्री मोदी ने उपचार, राशन फ्री करने के साथ ही वैक्सीन मुफ्त दी। उन्होंने जनता से पूछा कि कितने लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। तमाम लोगों के हाथ खड़े करने पर उन्होंने कहा कि तभी आप लोगों ने मास्क नहीं लगाया है। उन्होंने दो गज दूरी, मास्क है जरूरी के नियम का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 2020 में सात और 2021 में आठ महीने तक मुफ्त राशन दिया। हमने तय किया है कि अब हम दिवाली से होली तक फ्री में राशन देंगे।
इन परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को जलालाबाद में 21.98 करोड़ रुपये लागत की 36 परियोजनाओं का लोकार्पण और 247.50 करोड़ रुपये से प्रस्तावित 95 निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। बाद में खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर 81.01 करोड़ रुपये लागत वाली 47 परियोजनाओं का लोकार्पण और 144.53 करोड़ की 54 प्रस्तावित परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में जिला मुख्यालय पर 2.40 करोड़ रुपये से नवनिर्मित जिला सूचना कार्यालय एवं प्रेस क्लब भवन, 2.37 करोड़ से निर्मित वीवी पैट गोदाम, 2.40 करोड़ रुपये की लागत से ददरौल, मिर्जापुर व भावलखेड़ा ब्लाक में बनाए गए बहुउद्देश्यीय बीज गोदाम, धन्यौरा (तिलहर) में 1.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वृहद गौ संरक्षण केंद्र, 2.97 करोड़ रुपये की लागत से शहर में स्थापित इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन शामिल हैं।
इनके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने दोनों स्थानों पर माध्यमिक शिक्षा परिषद की 3.89 करोड़ रुपये लागत की दो, सिंचाई एवं जल संसाधन की 5.13 करोड़ रुपये लागत की 19, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति की 4.22 करोड़ रुपये लागत की एक, पीडब्ल्यूडी की 2.60 करोड़ रुपये लागत की दो, नगर विकास की 8.88 करोड़ रुपये लागत वाली दस, 8.17 करोड़ रुपये लागत की उच्च शिक्षा की एक, 14.23 करोड़ रुपये लागत वाली माध्यमिक शिक्षा की दो, 21.40 करोड़ रुपये की पीडब्ल्यूडी की पांच, 5.66 करोड़ रुपये की परिवहन विभाग की एक, 5.67 करोड़ रुपये लागत की सिंचाई एवं जल संसाधन की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। संवाद
जलालाबाद की सीट भाजपा जीतती तो यहां की तस्वीर दूसरी होती
शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जलालाबाद में काकोरी शहीद इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखे प्रहार किए। इस दौरान पिछले चुनाव में जलालाबाद सीट हारने का दर्द भी छलका। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में यहां भी भाजपा जीतती तो इस विधानसभा की तस्वीर दूसरी होती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले सपा शासन काल मे दंगे होना आम बात थी, लेकिन अब दंगा कराने वालों की सात पीढ़ियों से नुकसान की भरपाई की जा रही है। आधा घंटे के संबोधन की शुरुआत शहीदों की नगरी के क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देते हुए की और बाद में वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद से अपनी सरकार की उपलब्धियों के साथ पूर्ववर्ती सरकारों की विफलताओं का खाका खींचा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में न सिर्फ देश, बल्कि प्रदेश नया स्वरूप ले रहा है। मोदी से पहले एक भारत वह था, जिसकी सरकारों को गांव, गरीब, नौजवान, किसान, महिलाओं आदि की कोई चिंता नहीं थी। दुश्मन देश आंख दिखाते थे तो सत्ता में बैठे लोग उसे नाराज करने से बचने को चुप्पी साध लेते थे। आज नया भारत आंख दिखाने वालों की आंख उनकी हथेली पर रखने का साहस रखता है।
उन्होंने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं पूरी ईमानदारी से लागू करके नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनाने का प्रयास हो रहा है। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तब कोई पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण नहीं मना पाते थे। दोपहर 12 बजे के बाद होली खेलने, रात नौ बजे के बाद दिवाली की आतिशबाजी और सावन में कांवड़ यात्रा पर बंदिश लग जाती थी।
अपने शासन काल को अतीत से बेहतर बताते हुए उन्होंने कहा कि पहले नौकरियों की भर्ती शुरू होते ही एक खानदान के लोग जनता से वसूली करने निकल पड़ते थे। इस परिवार में चाचा, भतीजा, बबुआ, बुआ सभी शामिल थे। अब भाजपा के विधायक और मंत्री अपने क्षेत्र के विकास को समर्पित हैं। सपा, बसपा और कांग्रेस के विधायक सिर्फ अपने परिवार को ही अपना मानते थे, जबकि आज प्रधानमंत्री मोदी देश और वह प्रदेश की जनता को अपना परिवार मानकर सेवा कर रहे हैं।
प्रदेश में 13.5 करोड़ लोगों को मुफ्त कोरोना वैक्सीनेशन, बिजली आपूर्ति में सुधार, 5.5 लाख किसानों को आपदा राहत भुगतान, धान खरीद में पारदर्शिता आदि कार्यों को अपनी सरकार की विशेष उपलब्धि गिनाईं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष चुनाव में सरकार चुनते वक्त सभी को सतर्क रहना होगा क्योंकि उस वक्त जलालाबाद में भाजपा जीती होती तो जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों की तरह यहां भी तमाम कार्य हुए होते।
जलालाबाद में करीब एक घंटे रहे योगी
जलालाबाद। निर्धारित समय से करीब एक घंटे विलंब से यहां पहुंचे मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर करीब डेढ़ बजे काकोरी शहीद इंटर कॉलेज में बने हेलिपैड पर उतरा। यहां वित्त, चिकित्सा शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद, पूर्व जिपं अध्यक्ष अजय यादव, अमित सिंह, भूपेंद्र प्रताप सिंह, कौशल मिश्रा, मनेंद्र सिंह चौहान, कृष्ण कुमार मंगलम, आशुतोष गुप्ता, श्यामबाबू सिंह, चंद्रेश गुप्ता, रजनी भानू, विनय शर्मा, पवन सिंह, मुन्ना सिंह नवादा ने उनकी अगवानी करते हुए उन्हें गुलाब के फूल भेंट किए।
मंच पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को चाबी आदि भेंटकर मंच से ही बटन दबाकर परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने एक बजकर 50 मिनट पर अपना संबोधन शुरू किया। संबोधन आधे घंटे चला। संबोधन की शुरुआत उन्होंने भारत माता की जय और वंदे मातरम से की, जबकि समापन जय श्री राम के उद्घोष से किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने काकोरी कांड के नायक अमर शहीद पं. रामप्रसाद बिस्मिल, ठा. रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां के अलावा कलान के खजुरी गांव के परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह को नमन किया। संवाद
इन लाभार्थियों को सौंपी चाबी
जलालाबाद में मुख्यमंत्री के संबोधन पहले प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर बुलाया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की लाभार्थी रोशनी, शमशीन बेगम तथा इसी योजना के शहरी लाभार्थी विपिन को उनके आवास की चाबियां, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थी रामसागर को गोल्डन कार्ड तथा कोरोना काल में परिजन को खोने वाली सुहानी गुप्ता को 12 हजार का चेक मुख्यमंत्री ने दिया।
कई लोगों ने थामा भाजपा का दामन
सभा से पहले पालिका सभासद यूसुफ अली, सभासद फैसल अली, जिपं सदस्य रामदास राठौड़, प्रधान दहेना रीतराम वर्मा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र यादव के अलावा अनवर अली, आलोक प्रताप, ओमेंद्र सिंह, मनोज कुमार, मुन्ना लाल, धनपाल कुशवाहा, सुधीर, संतराम, सर्वेश, अतिराम, जगत पाल आदि लोगों ने भाजपा पार्टी ज्वाइन की। इन सभी के नाम की घोषणा करते हुए जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा ने उन्हें पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी।
मनोज कश्यप को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
संबोधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मनोज कश्यप को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के चुनाव के दौरान वह इसी कॉलेज के मैदान पर आए थे और मनोज के समर्थन में जनसभा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनोज जुझारू तेवर वाले वंचितों व मजलूमों के लिए सदैव संघर्षरत रहे। उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी के प्रति उनके समर्पण के चलते वह सदैव याद किए जाएंगे।
भगवान परशुराम का जिक्र, पटना देवकली के शिव मंदिर के विकास का वादा
भगवान परशुराम की जन्मस्थली जलालाबाद को पर्यटन स्थल घोषित कर उसका विकास कराने की लंबे समय से मांग की जा रही है। इस संबंध में भगवान परशुराम जन्मभूमि प्रबंध समिति तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच की ओर से ज्ञापन भी दिया था। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंत्री जितिन प्रसाद ने अपने संबोधन के दौरान लोगों की आस्था से जुड़ी इस मांग को पूरा करने पर जोर दिया था।
लोगों की उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री इस संबंध में कोई न कोई घोषणा करेंगे, परंतु अपने शुरुआती संबोधन में उन्होंने भगवान परशुराम का नाम लेते हुए जलालाबाद को उनकी कर्मस्थली जरूर बताया, परंतु इसको लेकर कोई घोषणा नहीं की। उन्होंने दैत्य गुरु शुक्राचार्य की तपोस्थली के रूप में विख्यात कलान क्षेत्र के गांव पटना देवकली स्थित भगवान शिव के मंदिर का जिक्र करते हुए उसका विकास कराने की घोषणा की।
विधायक से बोले सीएम, पैंटून नहीं पक्का पुल मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने उनके पास प्रस्ताव भेजा कि अमर शहीद ठा. रोशन सिंह के गांव नवादा दरोबस्त में पैंटून पुल बन जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विधायक को पास बुलाकर कहा कि यहां पैंटून नहीं, बल्कि पक्का पुल बनेगा।
मुख्यमंत्री ने किया पूर्व सांसद बिशनचंद्र सेठ की प्रतिमा का अनावरण
शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली मोड़ आवास विकास स्थित गोल चक्कर में स्थापित पूर्व सांसद बिशनचंद्र सेठ की प्रतिमा अनावरण के लिए पहुंचे। उन्होंने बटन दबाकर प्रतिमा का अनावारण किया। इस दौरान उन्होंने स्व. बिशन चंद्र सेठ के कार्य और योगदान पर चर्चा करते हुए कहा कि बिशन चंद्र सेठ ऐसी पीढ़ी से थे, जिनकी प्रेरणा से जनता की सेवा कर पा रहा हूं। उनका गोरक्षपीठ से भी जुड़ाव रहा, उन्होंने हिंदू महासभा में रहने के दौरान हिंदुत्व के लिए जो कार्य किए उससे आज अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण संभव हो पा रहा है।
इस दौरान मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, पं. राजाराम मिश्र, पूर्व विधायक दल सिंह यादव, अजय टंडन, प्रताप चंद्र सेठ, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, सत्यभान सिंह भदौरिया व अनिल वाजेपयी ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रधान मरेना रामचन्द्र वर्मा ने मुख्यमंत्री का मुकुट व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इसके उपरांत वैभव खन्ना व अभय सिंह व उनके साथियों द्वारा राम दरबार व हनुमानजी की प्रतिमा भेंट की गई।
कवि डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में हुए समारोह में सफाई आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ, विधायक मानवेंद्र सिंह, चेतराम, निर्भय चंद्र सेठ, विनय चंद्र सेठ, दर्जा राजमंत्री मिथलेश कुमार, बाबूराम गुप्ता, डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसपी एस. आनंद, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एडीएम न्यायिक राशिद अली, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह आदि मौजूद रहे।
दो बार पीया गाय के दूध का मट्ठा
इसके बाद मुख्यमंत्री काफिले के साथ चौक स्थित स्व. बिशन चंद्र सेठ के पुत्र निर्भय चंद्र सेठ के निवास पर पहुंचे। परिजन से परिचय और कुशलता पूछने के बाद उन्होंने वहां भोजन किया। इस दौरान दो बार गाय के दूध का मट्ठा पीया। आलू-गोभी की सब्जी और रोटी, चावल खाया। इस दौरान प्रमोद चंद्र सेठ, सुबोध चंद्र सेठ, विनय चंद्र सेठ, प्रह्लाद नारायण अग्रवाल, आईआईए राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, रामचंद्र सिंघल, हितेश अग्रवाल, अजय शर्मा, सुचित सेठ, डॉ. सत्यप्रकाश मिश्रा, डॉ. अमित सिंह, डॉ. नमिता सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें