शाहजहांपुर के खुदागंज में सोमवार रात सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने टेंट के गोदाम में छापा मारा। गोदाम से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। अवैध रूप से इनका भंडारण किया गया था।
शाहजहांपुर जनपद के खुदागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने टेंट के गोदाम में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है। टेंट के सामान के साथ ही पटाखों को छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गोदाम स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
मोहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी आशुतोष गुप्ता की टेंट की दुकान है। पास में ही गोदाम बना रखा है। दीपावली के त्योहार को देखते हुए गोदाम में पटाखों को छिपाकर रखने की सूचना पुलिस को मिली थी। देर रात सीओ अमित चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस बल ने गोदाम पर छापा मारा।
एसडीएम की मौजूदगी में गोदाम का शटर खोला गया। इसमें टेंट के सामान के साथ रखे 40 गत्ते मिले। गत्तों में विभिन्न ब्रांड के पटाखे मिले हैं। सीओ ने बताया कि गोदाम मालिक आशुतोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उसकी तलाश की जा रही है।