शाहजहांपुर के तिलहर में कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में सोमवार रात चोरों ने एक आढ़ती की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान से करीब साढ़े आठ लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह जब लोगों ने दुकान का ताला टूटा देखा तब घटना की जानकारी हुई।
शाहजहांपुर के तिलहर में कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में स्थित गल्ला व्यापारी अरुण कुमार छुन्नू बाबू की दुकान का सोमवार रात चोरों ने ताला तोड़ दिया। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने साढ़े आठ लाख रुपये चोरी किए हैं। मंगलवार सुबह सूचना पर सीओ अमित चौरसिया और एसपी देहात मनोज अवस्थी ने मौका-मुआयना किया।
विज्ञापन
शाम करीब सात बजे अरुण कुमार अपनी दुकान बंदकर चले गए थे। आधी रात के बाद चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। दुकान के अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर साढ़े आठ लाख रुपये की चोरी कर ली। सुबह सूचना मिलने पर अरुण कुमार पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंची। व्यापारियों ने चोरी की घटना पर नाराजगी जताई।
सीओ तिलहर अमित चौरसिया ने मौका-मुआयना किया। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। बाद में एसपी ग्रामीण मौके पर पहुंचे और व्यापरियों को घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। पुलिस ने व्यापारी के नौकर और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया है। सीओ अमित चौरसिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कई अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।