शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बौरी के चंदपुर गांव निवासी 19 वर्षीय पिकअप वाहन चालक हरिओम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बृहस्पतिवार शाम उसका शव रामनगर गांव स्थित खेत में यूकेलिप्टिस के पेड़ के पास पड़ा मिला। परिजनों ने शरीर पर चोटों के निशान देखकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई दिनेश ने रामवीर पर संदेह जताया है, पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
परिजनों के अनुसार, हरिओम पिकअप वाहन चलाते थे। शादियों में पिकअप वाहन पर डीजे भी ले जाते थे। बुधवार की रात वह पड़ोसी गांव रामनगर डीजे बुकिंग पर ले गए थे। इसके बाद घर नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। सुबह परिजनों ने गांव जाकर हरिओम का पता लगाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
वहां केवल उनकी पिकअप व मोबाइल ही मिला। इसके बाद परिजनों ने उनकी काफी तलाश की। शाम करीब चार बजे हरिओम का शव रामनगर गांव में ही यूकेलिप्टिस के पेड़ के पास पड़ा मिला। उनके सिर में चोट के निशान थे। मौके पर पहुंचे परिजन शव को देखकर बिलख पड़े।
परिजनों का आरोप है कि हरिओम की हत्या की गई है। उनके पास करीब 33 हजार रुपया भी था, जो नहीं मिला। मृतक के भाई दिनेश ने बताया कि सुबह जब भाई को फोन किया तो किसी अन्य ने उठाया। उसने कहा कि थोड़ी देर में बात करा देंगे। जब दोबारा फोन लगाया तो बात नहीं हो सकी। इसके बाद गांव जाकर पता किया। शाम को भाई का शव पड़ा मिला।
घटना के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मृतक के भाई दिनेश की तहरीर पर रामवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। तथ्य व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।