खुदागंज। बारिश से जलालपुर गांव का संपर्क मार्ग जगह-जगह जलभराव से तालाब में तब्दील हो गया है। कई गांवों के ग्रामीणों सहित वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर के मुख्य चौराहे से निकले जलालपुर गांव के करीब सात किमी लंबे संपर्क मार्ग के किनारे दीपपुर, चिरचिरा, दिउरिया, जिगनियां आदि कई गांव बसे हैं। इसी संपर्क मार्ग से जिगनिया गांव के पास नौगवां जाने वाला संपर्क मार्ग भी निकला है। इस कारण मार्ग पर हर समय आवागमन बना रहता है। मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं और कई जगह बजरी-कोलतार पूरी तरह उखड़ जाने से मार्ग का सफाया हो चुका है। दीपपुर की प्रधान शबनम अंसारी के पति जमीर हसन ने बताया कि इस बारे में लोनिवि के अभियंताओं से मार्ग की मरम्मत कर उसे ऊंचा बनाने के लिए कहा गया, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि वह इस बारे में ग्रामीणों के साथ खंड विकास अधिकारी से मिलकर समस्या का समाधान कराएंगे। संवाद