शाहजहांपुर। प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) छह और सात सितंबर को जनपद के 21 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। यहां से मेरठ और बरेली अभ्यर्थी जाएंगे। ऐसे में उनके लिए अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया गया है। विद्यार्थियों को राहत देने के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी।
दो दिवसीय परीक्षा में 38 हजार 16 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए आजमगढ़ से 19 हजार, आंबेडकर नगर व लखीमपुर से 36-36 सौ परीक्षार्थी आएंगे। इसी तरह 15 हजार अभ्यर्थी मेरठ और 72 सौ अभ्यर्थी बरेली जाएंगे।
यहां से जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। निगम के बेड़े से 225 बसों का संचालन होता है। अधिकारियों का दावा है कि बसों की कमी नहीं आएगी।
एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि मेरठ के लिए 15 और बरेली के लिए अतिरिक्त दस बसों को चलाया जाएगा। बरेली के लिए आम दिनों में प्रत्येक दस मिनट में बस जाती है। यात्रियों की दिक्कतों के समाधान के लिए शुक्रवार की रात से हेल्प डेस्क भी बस अड्डे पर बनाने की तैयारी है।