शाहजहांपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेलों में सुबह से मरीज पहुंचने शुरू हो गए और शाम चार बजे तक उनके आने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य का परीक्षण कर दवाएं देने के साथ ही बारिश के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए परामर्श भी दिया।
तिलहर। कुंवरगंज पीएचसी में डॉ. अनुराग गुप्ता की देखरेख में सुबह 11 बजे तक दस मरीजों का उपचार किया जा चुका था। इस दौरान पांच अन्य मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। शाम चार बजे तक वहां कुल 31 मरीज पहुंचे। राजनपुर पीएचसी पर डॉ. अभिषेक जौहरी ने 56 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर 20 मरीजों की जांचें कराई और बाद में सभी को दवाएं वितरित कराईं। रमापुर पीएचसी पर डॉक्टर की तैनाती नहीं होने के कारण फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने 60 मरीजों का परीक्षण कर दवाएं दीं और 20 मरीजों के खून के नमूने जांच को लिए।
खुदागंज। हसनापुर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में डॉ. फहीम खां ने सुबह से दोपहर बाद तक 16 मरीज देखे। इनमें बुखार के पांच, दाद-खुजली के आठ तथा जोड़ और बदन दर्द के तीन मरीज शामिल रहे।
सेहरामऊ दक्षिणी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित जन आरोग्य मेले में रैबीज के दो, चर्म रोग के नौ, बुखार के 12, सर्दी-जुकाम के 11 और डायबिटीज के एक मरीज की जांच करने के बाद सभी को दवाएं दी गईं।