शाहजहांपुर। कोरोना महामारी के कारण बंद चल रहे कक्षा छह से आठ तक के स्कूल मंगलवार को खुल गए। विद्यालयों में रौनक लौट आई। स्कूल पहुंचने पर बच्चों के हाथों को सैनिटाइज कराने के साथ ही फूल बरसा कर स्वागत किया गया। हालांकि पहले दिन स्कूलों में तीनों ही कक्षाओं के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति काफी कम रही।
विद्यालयों में सुबह-सुबह बच्चे ड्रेस पहनकर और मुंह पर मास्क लगाकर पहुंचे तो गेट के अंदर घुसते ही सबसे पहले उनको हाथों को सैनिटाइज करवाया गया इनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्र-छात्राओं पर फूल बरसाकर कर उनका स्वागत किया। गुलाब के फूल भेंट किए। छात्र-छात्राएं भी खुश नजर आए। सभी अपनी कक्षाओं में जाकर सामाजिक दूरी बनाकर और मास्क लगाकर बैठे।
अटसलिया स्थित कंपोजिट विद्यालय में शिक्षिका निकहत परवीन ने बच्चों के हाथ सैनिटाइज कराए। शिक्षिका दपिंदर कौर, रश्मि सक्सेना, मीरा सिंह, मुन्नी आर्य, सायमा, तरन्नुम ने बच्चों को गुलाब के फूल भेंट किए। इसी तरह से एसपी कॉलेज में शिक्षकों ने छात्रों के हाथों को सैनिटाइज कराने के साथ फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। लीड कांवेंट स्कूल में भी प्रधानाचार्या ताराना जमाल और शिक्षिकाओं ने वेलकम किया तथा मास्क, सैनिटाइजेशन और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करवाया।
15 स्कूलों में पीईटी के चलते नहीं लगीं कक्षाएं
मंगलवार को शहर के 15 स्कूलों में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) कराई गई। इसके चलते इन विद्यालयों में पढ़ाई नहीं हुई। अब बुधवार को कक्षा छह से 12 तक की कक्षाएं लगेंगी। कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राएं कोरोना संक्रमण काल के बाद स्कूल खुलने पर पहली बार कक्षाएं लेने पहुंचेंगे।
छात्र-छात्राओं की संख्या रही कम
कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होने के बाद खुल रहे स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या न के बराबर हो रही है। गिने-चुने विद्यार्थी ही पहुंचे। एसपी कॉलेज में जहां तीनों कक्षाओं के कुल 12 बच्चे थे, वहीं लीड कावेंट स्कूल में 51 छात्र-छात्राएं पहुंचे थे। दूसरे विद्यालयों में भी विद्यार्थियों की संख्या 10 से 40 प्रतिशत रही। गुरुनाक पाठशाला हाईस्कूल में संख्या 16 रही।
परौर में एबीएसए ने किया विद्यालय का निरीक्षण
परौर। ब्लाक कलान के सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी आराध्य उपाध्याय ने मंगलवार को विद्यालय खुलने पर परौर गांव में जूनियर हाई स्कूल, प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया। नारायण नगर, गोलागंज, कुंडलिया, कलिकापुर कुंडलिया, रूठेली व मोहरा गांवों में स्थित स्कूलों का जायजा लिया। इस मौके पर परौर स्थित विद्यालयों में महेश सिंह, विनोद कुमार शर्मा, चंपा देवी, नारायण नगर पश्चिमी में इंचार्ज प्रधानाध्यापक तुलसी, अध्यापक मनोज कुमार सिंह वर्मा, सत्यवीर सिंह, रेखा रानी मौके पर मिले।