शाहजहांपुर। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षक व कर्मचारियों के आंदोलन के कारण राजस्थान एवं महाराष्ट्र सरकार पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा पर प्राथमिक शिक्षक संघ ने खुशी जताई। शिक्षक भवन में हुई बैठक में शिक्षकों ने प्रदेश में भी पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग उठाई।
उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री संजय सिंह की अध्यक्षता में संघ की जनपदीय कार्यकारिणी की बैठक शिक्षक भवन में हुई। संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक व कर्मचारियों की एकजुटता के कारण ही प्रदेश के राजनीतिक दलों ने अपने घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा रखते हुए सरकार बनने पर आदेश करने की बात कही है।
राजस्थान एवं महाराष्ट्र सरकार पुरानी पेंशन बहाली की घोषणा कर दी है। झारखंड सरकार ने भी सहमति व्यक्ति की है। संजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में शिक्षक व कर्मचारियों के लिए नई पेंशन योजना समाप्त करते हुए पुरानी पेंशन बहाली की अतिशीघ्र घोषणा की जानी चाहिए।
जिला मंत्री देवेश वाजपेयी ने कहा कि हम अपनी मांगों को प्रत्येक दशा में प्राप्त करेंगे और ओपीएस का ही समर्थन करेंगे। प्रांतीय प्रचार मंत्री अर्चना तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष रविंद्र पाल प्रजापति, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुनीश मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी, यशपाल सिंह, विकास मिश्रा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, नवेंदु मिश्र, नितिन मिश्रा आदि ने मौजूद रहे।