शाहजहांपुर। भीषण गर्मी के दौर में उल्टी-दस्त, बुखार और पेटदर्द के मरीज बढ़ने लगे हैं। रविवार काे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की भरमार रही। डॉक्टरों ने गर्मी से बचाव के लिए तेज धूप से बच्चों और बुजुर्गों को बचाने, दिन में कई बार पानी पीने, बाहर निकलने पर सिर गीले तौलिया अथवा गमछा से ढककर बाहर निकलने आदि कई सुझाव भी दिए।
तिलहर क्षेत्र की राजनपुर पीएचसी में डॉ.अभिषेक जौहरी ने मरीजों को दवाएं देने के साथ ही गर्मी के मौसम में खानपान और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। कुंवरगंज पीएचएसी में डॉ. अनुराग गुप्ता ने कई मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करने पर उन्हें गर्मी से त्रस्त पाया। इन मरीजों को उन्होंने दिन में तेज धूप से बचने की सलाह दी। खुदागंज की हसनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. फहीम खां ने 26 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाएं दीं। परीक्षण में उल्टी-दस्त के छह, बुखार के पांच और पेट दर्द के दो मरीज पाए गए।
000
दोपहर तक डॉक्टर नहीं आने से भटकते रहे मरीज
परौर। आरोग्य मेले के नाम पर स्वास्थ्य विभाग यहां केवल औपचारिकता निभा रहा है। हमेशा की तरह आज भी दोपहर 12 बजे तक स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विभागीय टीम नहीं पहुंची और दवाएं लेने के लिए मरीज भटकते रहे। बाद में पहुंचे डॉ. दिनेश प्रताप सिंह ने दोपहर दो बजे तक 22 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं सुलभ कराईं। डॉ. दिनेश प्रताप के अनुसार उनके पास अतिरिक्त कार्यभार होने से अन्य स्थानों पर भी ड्यूटी देनी होती है। संवाद