शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार के मोहल्ला दिलाजाक निवासी सफाई कर्मचारी भैयालाल के घर में सिलिंडर में आग लगने से धमाका होने के बाद बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए थे। झुलसने वाले दो लोगों की हालत गंभीर है। उनका उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। 80 प्रतिशत तक झुलसे अनुज और रोहिणी की सर्जरी के लिए डॉक्टर लखनऊ रेफर करना चाहते हैं, लेकिन परिवार वाले लेकर जाने को तैयार नहीं हैं।
शनिवार की सुबह करीब चार बजे सिलिंडर जलाते समय भैयालाल के घर में धमाका हो गया था। गैस सिलिंडर लीक होने के चलते हुए हादसे में भैयालाल, उनका बेटा अनुज, बहू रोहिणी, दो बच्चियां अनुष्का व अंशिका झुलस गए थे।
इसमें अनुज व रोहिणी 80 प्रतिशत तक झुलसे हैं। रविवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी झुलसे मरीजों को देखने पहुंचे थे और डॉक्टरों को बेहतर उपचार के लिए निर्देशित किया था। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि 80 प्रतिशत तक झुलसे मरीजों को सर्जरी के लिए रेफर करना चाहते हैं, जिससे संक्रमण फैलने जैसी स्थिति नहीं बन सके। दूसरी ओर भैयालाल के बेटे पवन ने बताया कि उनका परिजन का अस्पताल में बेहतर तरीके से उपचार चल रहा है। इसलिए वह यहीं पर उपचार करा रहे हैं।