शाहजहांपुर। हत्या की वारदात के पांच महीने बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। बहन ने मृतका की पत्नी और उसके एक रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट मिर्जापुर कस्बे की रहने वाली रश्मि की ओर से दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक सात अप्रैल को रश्मि के भाई अनुराग गुप्ता उर्फ शानू का खून से लथपथ शव उसी की कपड़े की दुकान में मिला था। उसकी पत्नी राधा देवी ने पुलिस को आत्महत्या की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने अनुराग का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई ऐसे तथ्य सामने आए जो अनुराग की हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। रश्मि गुप्ता ने बताया कि उसके पिता शिवमंगल गुप्ता के दो मकान हैं। एक मकान में वह उनके माता-पिता रहते हैं। वहां से लगभग सौ मीटर दूर चौराहे वाले दूसरे मकान के ऊपरी हिस्से में उसका भाई अनुराग गुप्ता उर्फ शानू पत्नी राधा और दो बच्चों के साथ रहते थे। मकान के नीचे हिस्से में बनी दुकान में शानू कपड़े का काम करते थे। रश्मि ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का समय दोपहर लगभग 12 बजे आया है, जबकि परिजनों को सूचना चार घंटे बाद दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनुराग के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। रश्मि ने अपनी भाभी यानी अनुराग की पत्नी और उसके एक रिश्तेदार कुलदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।