शाहजहांपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए करीब दो महीने गुजर गए, लेकिन चुनावी रंजिश बरकरार है। रोजा इलाके के सुतनेरा गांव में प्रधान की रंजिश के चलते रविवार रात 55 साल के बुजुर्ग रियासत अली को लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला। पुलिस ने मृतक के भाई की की ओर से छह लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
रोजा थाना क्षेत्र के सुतनेरा गांव निवासी रियासत अली ने प्रधानी के चुनाव में आशिक अली का समर्थन किया था। आशिक अली प्रधानी का चुनाव जीत भी गए। उनके मुकाबले में वाहिद खड़े हुए थे, जो चुनाव हार गए। चुनाव में जीत-हार को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश बन गई।
भाई फिरासत अली ने बताया कि रविवार रात वह और रियासत अली घर के बाहर बैठे थे। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से रियासत पर हमला बोल दिया और जमकर पीटा। इससे रियासत अली बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें मृत जानकर हमलावर मौके से भाग गए। इसके बाद परिजन घायल रियासत को उठाकर राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डाक्टर ने उन्हें भर्ती कर लिया। मगर डॉक्टर रियासत को बचा नहीं सके। रात में इलाज के दौरान रियासत ने दम तोड़ दिया।
परिजन की सूचना पर रोजा थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। मृतक के भाई फिरासत की तहरीर पर पुलिस ने विरोधी पक्ष के वाहिद के भाई नाहिद, जीशान, सादिक, फसाद, हारुन और रहमत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
सुतनेरा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसमें एक पक्ष के घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई है। तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-अरविंद कुमार, सीओ सदर