पुवायां। पुवायां के गांव भटपुरा चंदू निवासी रामबेटी ने बंडा थाने में अज्ञात के खिलाफ नाती की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चार जून को भटपुरा चंदू के शिवम का शव बंडा के गांव बसंतापुर के पास हाईवे किनारे पड़ा मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था। रामबेटी ने बताया कि उनका नाती 19 वर्षीय शिवम कुमार तीन जून की रात दस बजे बाइक से घर से बंडा के गांव शिवनगरा में रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर निकला था।
चार जून तक वापस नहीं आने पर वे लोग शिवम की तलाश करने शिवनगरा जा रहे थे। रास्ते में बंडा के गांव बसंतापुर के पास उसका शव हाईवे किनारे पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। उन्हें आशंका है कि अज्ञात लोगों ने शिवम की हत्या कर शव हाईवे किनारे डाला था।
रामबेटी के अनुसार नाती के अंतिम संस्कार के कारण वह घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने थाने नहीं आ सकी थीं। अब वह रिपोर्ट दर्ज कराने आईं हैं। थाना प्रभारी राकेश मौर्य ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।