शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हादसा हो गया। निगोही-पुवायां रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की पिकअप वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। 15 लोग घायल हुए हैं।
शाहजहांपुर के निगोही-पुवायां रोड पर ईंट भट्ठे के सामने ट्रैक्टर ट्रॉली और पिकअप वाहन की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठे मजदूर की मौत हो गई। वहीं पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के चठिया गांव के रहने वाले लोग आठ महीने पहले ईंट-भट्ठे पर काम करने के लिए गोंडा गए थे। सोमवार रात वे लोग गोंडा से गांव के लिए चले थे। वहीं निगोही के टिकरी चौकी क्षेत्र के एक भट्ठे से ईंट लादकर ट्रैक्टर ट्रॉली जा रही थी। ट्रैक्टर पर मजदूर बैठे थे।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे निगोही-पुवायां रोड पर कबीरपुर गांव के पास बाबू अली के ईंट भट्ठे के सामने पिकअप की टक्कर ट्रैक्टर से हो गई। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार अनूप कुमार (28) निवासी टिकरी की मौके पर ही मौत हो गई। पुष्पेंद्र, उत्तम घायल हो गए।
पिकअप में बैठे रजनीश, पिंकी देवी, आशा देवी, चंद्रपाल, रेशमा देवी, मानवेंद्र, फूला देवी, रोशनलाल, भानमती, चन्द्रसेन, विशाल, राधिका घायल हो गए। पिकअप और ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से भाग गए। घायलों को निगोही सीएचसी लाया गया है। वहीं अनूप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी मां नीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।