शाहजहांपुर। छोटे चौक से निकलने वाले लाट साहब की तलाश पूरी हो गई। जनपद के कांट ब्लाक निवासी युवक ने लाट साहब बनने की सहमति दे दी। उसने शर्त रखी है कि अपने कपड़े लेने के साथ ही पत्नी और बच्चों के कपड़े भी लेगा। इसके बाद आयोजन समिति ने सहमति दे दी। इसी तरह उसके इनाम की राशि में भी इजाफा किया जाएगा।
पिछले वर्षों में रामपुर, मुरादाबाद और बरेली के युवक लाट साहब बनने के लिए संपर्क साधते थे। आयोजन कमेटी तंदरुस्त व्यक्ति को ही लाट साहब बनने की वरीयता देते थे। इससे वह जुलूस के दौरान पड़ने वाली मार को सहन कर सके। कमेटी की लाट साहब की तलाश पूरी हो गई। पिछले कुछ वर्षों से रामपुर रहने वाला युवक लॉकडाउन के बाद कांट में रहने लगा है। उसने लाट साहब बनने के लिए सहमति दे दी है।
उसने शर्त रखी है कि उसके कपड़ों के अलावा पत्नी, तीन बेटियों व एक बेटे के कपड़े भी आयोजन कमेटी को देने होंगे। वहीं इनाम की राशि 5100 रुपये में इजाफा करना होगा। उसकी मांग को कमेटी ने स्वीकार कर लिया। आयोजकों के मुताबिक, होली के दो दिन पहले ही लाट साहब उनके पास पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनकी खातिरदारी शुरू हो जाएगी।
एक व्यक्ति को रिजर्व में रखा जाएगा
भले ही एक लाट साहब की तलाश पूरी हो गई। उसके बावजूद एक व्यक्ति को रिजर्व में रखा जाएगा। इससे मुख्य लाट साहब की तबीयत खराब होने पर रिजर्व के व्यक्ति को मौका दिया जा सके।