सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस की गिरफ्त में अवैध शस्त्र फैक्ट्री के साथ आरोपी। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
कलान/सेहरामऊ दक्षिणी (शाहजहांपुर)। पुलिस ने कलान में दो और सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में एक शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से बने-अधबने हथियार बरामद किए हैं।
कलान थाना प्रभारी जगनारायण पांडेय ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात करीब आठ बजे वीरेश शर्मा को ग्राम छिदकुरी व ग्राम धोबियन नगला के जंगल के बीच में खंडहर श्मशान घाट में शस्त्र फैक्टरी का संचालन करते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस को एक रायफल, तमंचा, कारतूस व कुछ अधबने असलहे मिले हैं।
पुलिस ने रात करीब दस बजे नन्हे शर्मा को ग्राम धुनआ खेड़ा के पास पिलुआ ग्राम समाज में खडे़ कीकर के जंगल से शस्त्र बनाते पकड़ा। उसके पास से भी रायफल, बंदूक और तमंचे बरामद हुए हैं। नन्हे और वीरेश बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के गांव भुंडी का रहने वाले हैं। आरोपियों ने बताया कि वे लोग रायफल व बंदूक को नौ हजार और तमंचे को पांच हजार रुपये में बेचते थे। वीरेश पूर्व में कल्लू गैंग को असलहों की आपूर्ति करता था।
वहीं सेहरामऊ दक्षिणी थाने की पुलिस ने बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे मुखबिर से शस्त्र फैक्टरी के बारे में सूचना मिलने पर छापा मारा। ग्राम गौरीखुर्द के पास जंगल में आम के बाग से मगनपाल सिंह निवासी ग्राम गौरीकलां को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक बंदूक, पौनिया, तमंचे आदि मिले हैं। मगनपाल सिंह के ऊपर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वह थाने का टॉप टेन में शामिल अपराधी है। एसपी एस. आनंद ने बताया कि शस्त्र फैक्टरियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।