शाहजहांपुर। ककरा कलां के 33 केवी बिजली उपकेंद्र की मुख्य इनकमिंग लाइन में शुक्रवार सुबह खराबी आ जाने से कई फीडरों पर सुबह से दोपहर बाद तक घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ककरा में विकसित हो रहे न्यू सिटी में जेसीबी की टक्कर से 11 केवी लाइन का पोल एक ओर झुक गया और खिंचाव पड़ने से तार टूट गए। उधर, बहादुरगंज उपकेंद्र के कचहरी फीडर में बीते दिन आई खराबी शाम तक ठीक होने के बाद सुबह से फिर फीडर की लाइनें शॉर्ट सर्किट से खराब होने लगीं। इस कारण शहर की कई कालोनियों और मोहल्लों के सैकड़ों लोगों को भीषण गर्मी में बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
कचहरी फीडर की 11 केवी लाइन बीते जजी परिसर के पश्चिमी गेट के आगे शार्ट सर्किट से खराब हो गई थी। इस खराबी को देर शाम तक ठीक कर लिया गया, लेकिन बाद में फीडर चालू होने पर फिर से ट्रिपिंग होने लगी। पहले इसकी वजह ओवरलोडिंग मानी गई, लेकिन पूरी रात हर दस मिनट के अंतराल पर इस लाइन से बिजली आपूर्ति में व्यवधान पड़ता रहा। शुक्रवार को सुबह लाइन की पेट्रोलिंग कराए जाने पर कई जगह जंपर क्षतिग्रस्त पाए गए। दोपहर तक उन्हें ठीक कर लाइन चालू की गई, लेकिन इसी दौरान ककरा की 33 केवी मेन लाइन में खराबी आने से उपकेंद्र के सभी फीडर बार-बार बंद होने लगे।
मुख्य लाइन को सुधारा जाता कि दोपहर करीब एक बजे ककरा न्यू सिटी में आनंदपुरम फीडर की 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ककरा उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता सत्यपाल सिंह के अनुसार नगर निगम की जेसीबी की टक्कर लगने से लाइन का पोल क्षतिग्रस्त हुआ तो तार भी टूट गए। इस लाइन को सुधारकर दो घंटे बाद फीडर चालू किया गया, लेकिन इसके बाद भी ट्रिपिंग से बार-बार बत्ती गुल होती रही।
लाइनों में हुए फाल्ट के कारण कचहरी के आसपास, खिरनीबाग (आंशिक), सदर बाजार चौराहा, कटिया टोला (आंशिक), आनंदपुरम, सिंजई में गंधक फैक्ट्री के आसपास, आजादपुरम, तिलहरजई, मदराखेल, अलीजई, लोहारों का चौराहा, विश्वकर्मा चौक आदि क्षेत्रों के लोगों को भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझना पड़ा।
आज सुबह दो घंटे बंद रहेगा पुलिसलाइन फीडर
शाहजहांपुर। 11 केवी लाइन पर अनुरक्षण कार्य कराने के लिए शहर में पुलिसलाइन फीडर शनिवार को सुबह आठ बजे से दो घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता प्रशांत गुप्ता ने बताया कि इस दौरान अशफाकनगर चौराहा पर महिला थाना के पास से लेकर स्टेशन रोड पर आगे तक 11 केवी लाइन के ऊपर से निकले पेड़ों की शाखाएं हटाने और तार कसने का काम कराया जाएगा। एक्सईएन ने इस दौरान क्षेत्र के लोगों से धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया है। संवाद