शाहजहांपुर। जिले में कोरोना संक्रमित बढ़ते ही जा रहे हैं। रविवार को चार और लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में नगर आयुक्त भी शामिल है। दो दिन पहले अपर नगर आयुक्त की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। रविवार को सीएमओ का सैंपल जांच को भेजा गया।
जिले में अब तक कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 362 हो गई है, जबकि 159 लोग स्वस्थ होकर घरों को लौट चुके हैं और 202 लोग कोविड अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। रविवार को संक्रमित मिले लोगों में नगर आयुक्त भी शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि रविवार को कुल चार लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए संक्रमितों में तीन जलालाबाद के हैं, जिसमें एक एचडीएफसी बैंक का शाखा प्रबंधक भी है। जबकि एक संक्रमित नगर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी और गांव कलक्टरगंज निवासी एक महिला संक्रमित है, जो आशा वर्कर है। तीनों संक्रमितों की रिपोर्ट 18 जुलाई को देर रात आई थी। इधर, नगर आयुक्त के संक्रमित मिलने के बाद नगर निगम के कर्मचारियों के रविवार को सैंपल लेकर जांच को भेजे गए।