फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घंटे भर की झमाझम बारिश ने गर्मी से दी राहत, आज भारी बारिश के आसार

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। कई दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से छटपटा रहे लोगों के लिए रविवार की सुबह राहत लेकर आई। बादल घिरने के बाद करीब एक घंटे हुई झमाझम बारिश से चार डिग्री पारा लुढ़क गया, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि कई जगह जलभराव होने से लोगों को कुछ दिक्कतें जरूर हुईं। रविवार को 76 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के दौरान तेज हवा चलने से कई जगह बिजली लाइनों में फाल्ट हुए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की अक्षीय रेखा का पश्चिमी विक्षोभ से मेल होने के कारण सोमवार को भारी बारिश के आसार हैं।
विज्ञापन

बुधवार को चार मिमी वर्षा हुई थी। इसके बाद से तेज धूप और उमस भरी गर्मी बढ़ती गई। शुक्रवार और शनिवार को गर्मी से बुरा हाल रहा। शनिवार को महानगर के कुछ हिस्सों में थोड़ी देर बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे उमस और बढ़ गई थी। रात में बादल छाए रहने से लोगों को उमस परेशान करती रही। आधी रात के बाद मौसम का मिजाज कुछ बदला और बदल घिरने शुरू हो गए। फिर बिजली चमकने के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। तीन बजे के बाद से तेज गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान तेज हवा चलने से कई इलाकों में फाल्ट होने से बिजली गुल हो गई। करीब एक घंटे बाद बारिश रुकी तो बादल मंडराते रहे। रविवार सुबह करीब नौ बजे के बाद दोबारा बूंदाबांदी होने लगी। इससे हवा में आर्द्रता बढ़कर 97 फीसदी हो जाने से मौसम सुहाना हो गया और कई दिन बाद लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। हालांकि, दोपहर बाद कुछ धूप निकली तो फिर से उमस होने लगी, लेकिन धूप बेहद हल्की रहने और वातावरण में नमी की अधिकता हवा में शीतलता का अहसास कराती रही। इस कारण दिन में अधिकतम तापमान भी चार डिग्री घटकर 31 डिग्री सेल्सियस रह गया।
कई इलाकों में हुआ जलभराव
बारिश से महानगर के कई निचले स्थानों पर जलभराव हो गया। तेज बारिश के दौरान घंटाघर, लाल इमली चौराहा रोड, टेलीफोन एक्सचेंज, झंडा चौराहा, उस्मानबाग, ईदगाह-कनौजिया तिराहा, हद्दफ पुलिस चौकी, मामुड़ी, महमंद जंगला व लोहारों का चौराहा, कनौजिया मोड़, जियाखेल, बक्सरिया, मतानी, बाला तिराही, दलेलगंज-सरायकाइयां मार्ग पर कई जगह सड़कों पर एक से दो फुट तक पानी भर गया। शहर में कई जगह घंटों पानी भरा रहा। जहां निकास का उचित प्रबंध नहीं है। चारों ओर ऊंचाई से घिरे टाउनहाल के हॉकी मैदान परिसर, नगर निगम कार्यालय के सामने और आसपास, रैन बसेरा के नजदीक, रोडवेज स्टेशन के सामने आदि स्थानों पर घंटों पानी भरा रहा। दिन में नौ बजे के बाद हुई 19 मिमी बारिश से इन स्थानों पर दोपहर बाद तक जलभराव की समस्या बनी रही।
विज्ञापन

घंटाघर पर ट्रांसफार्मर फुंका, मऊ मेें लाइन फाल्ट
तेज हवा के साथ बारिश शुरू होने के दौरान शहर की अधिकांश बिजली लाइनेें बंदकर दी गईं। इसके बावजूद कई स्थानों पर पावर नेटवर्क खराबियों के शिकंजे में जकड़ गया। घंटाघर पर अयूब वाली गली में रखा 100 केवी का ट्रांसफार्मर सुबह करीब चार बजे बरसाती पानी अंदर चला जाने से फुंक गया। वहां दोपहर 12 बजे बारिश थमने पर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाकर इलाकेे की बिजली सप्लाई बहाल की गई। इस बीच, ककरा कलां के आनंदपुरम फीडर की 11 केवी लाइन का जंपर उड़ जाने से सुबह तीन बजे से दो घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। उधर, मऊ कैंट में हथौड़ा बिजली उपकेंद्र की 33 केवी मेन लाइन पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। यह लाइन फाल्ट दिन में तीन बजे तक ठीक किया जा सका। इस तरह बारिश से महानगर में बिजली सप्लाई करीब 12 घंटे प्रभावित रही।
तिलहर में सफाई व्यवस्था की बारिश ने खोली पोल
तिलहर। रात में और सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने नगरपालिका परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। नगर के कई मोहल्लों में बारिश के कारण जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। रात करीब दो बजे शुरू हुई तेज बारिश सुबह पांच बजे तक थम गई लेकिन दिन में 10.30 बजे से फिर तेज बारिश होने लगी। इससे मोहल्ला दातागंज में महेंद्र हलवाई की दुकान के पास से शरद अग्रवाल की दुकान तक सड़कों पर पानी भर गया। इस दौरान मंदिर आने-जाने वाले लोगों को काफी संकट का सामना करना पड़ा। आर्य समाज मंदिर के पीछे मोहल्ला हिंदू पट्टी वाले मार्ग जलभराव ने तालाब का रूप ले लिया तो घरों से निकले मोहल्ले के बच्चों ने उसमें नहाना शुरू कर दिया। बारिश बंद होने के लगभग एक घंटे बाद धीरे धीरे पानी निकल पाया और इसके बाद ही लोगों का आना-जाना शुरू हो सका। गौरतलब है कि बारिश होने से पहले नगर पालिका प्रशासन को बड़े नालों की सफाई करानी थी, लेकिन समय रहते नाला सफाई कार्य नहीं कराया गया।
कांट रोडवेज परिसर में भरा पानी
कांट। रविवार सुबह बारिश होने के कुछ देर बाद ही रोडवेज बस स्टेशन परिसर में पानी भर गया। यात्रियों को बस पकड़ने के लिए स्टेशन के अंदर आने-जाने में काफी परेशानी हो रही हैं। पानी का कोई निकास न होने के कारण पानी से रोडवेज के भवन को भी नुकसान पहुंचने की संभावना बढ़ गई है।
22 जुलाई तक जिले में अच्छी बारिश के संकेत
पर्यावरण विज्ञानी डॉ. विकास खुराना ने आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, गूगलवेदर और मौमस पर नजर रखने वाली संस्था स्काईमेट की रिपोर्टों का विश्लेषण कर बताया कि रविवार शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने लगा है जो कि अरब सागर से नम हवाएं लेकर आएगा। इससे 22 जुलाई तक जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना शत प्रतिशत है। डॉ. खुराना के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक अच्छी वर्षा होने से गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन आर्द्रता का उच्च स्तर बना रहेगा और धूप निकलने पर यही आर्र्दता वास्तविक तापमान से कहीं अधिक उमस और गर्मी का अहसास कराएगी। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह बैरोमीटर की रीडिंग में सुबह से शाम तक 20 मिलीबार की गिरावट बनी हुई है। इसे देखते सोमवार को सुबह से बादल छाए रहने और दिन में तेज बारिश होने के आसार हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें