शाहजहांपुर के कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह । स?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। महाशिवरात्रि पर गंगा जल ले जाने वाले श्रद्धालुओं की कांवड़ यात्रा और होली पर्व पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूसों वाले मार्ग व्यवस्थित कराने में प्रशासन जुट गया है। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें ऐसे सभी मार्ग चिह्नित कर उनमें जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि वह जुलूस के निर्धारित मार्ग को साफ और गड्ढामुक्त कराने के लिए अभी से अपनी कार्ययोजना तैयार कर लें, जिससे कि ऐन मौके पर अव्यवस्था से बचा जा सके। उन्होंने रास्ते से ईंट पत्थर तथा अन्य अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए। विद्युत निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह जुलूस मार्ग में झूलते हुये तार और खंभों की मरम्मत का कार्य शीघ्रता से कराएं और जहां ट्रांसफार्मर खुले हैं, उनकी स्थायी व अस्थायी रूप से बेरिकेडिंग कर उन्हें जाली से बंद कराएं।
इस दौरान एसपी एस. आनंद ने कहा कि मिश्रित आबादी और संवेदनशील प्वॉइंट, जहां कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका हो, उन्हें चिह्नित करने के साथ समाज के सभी वर्गों व गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर त्योहारों को शाति व सौहार्द से मनाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वह समन्वय से काम करें और आगामी त्योहारों को भाईचारा, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एडीएम फाइनेेंस गिरिजेश चौधरी, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह आदि मौजूद रहे।