शाहजहांपुर के एक स्कूल में निरीक्षण के दौरान अध्यापकों से पूछताछ करते संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्यों को विद्यालय प्रांगण में बरसात के कारण उग आईं घास और झाड़ियों को साफ कराने के निर्देश दिए। इससे बच्चों को संचारी रोगों से बचाया जा सके।
संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय कुमार ने प्रथम पाली में तिलहर तहसील के निगोही ब्लाक के आदर्श इंटर कॉलेज, सुभद्रा देवी महेश चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, सदर तहसील के धर्मानंद इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। प्रथम पाली में हो रही प्रवक्ता प्रवेश परीक्षा का जीएफ कॉलेज व एसएस कॉलेज स्थित केंद्रों पर जायजा लिया। द्वितीय पाली में इस्लामिया इंटर कालेज, जनता इंटर कालेज पहुंचे।
जनता इंटर कॉलेज में एक भी बच्चा नहीं मिलने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक नाराजगी जताई। तहसील तिलहर के एलबीजेपी इंटर कॉलेज, आरबीएम इंटर कॉलेज, जीजीआईसी में निरीक्षण के दौरान छात्र संख्या कम मिली। इस मौके पर डीआईओएस डॉ. शौकीन सिंह यादव, जीआईसी कांट के प्रधानाचार्य दीपक कुमार दीक्षित, स्टेनो सुनील रोहेला, वरिष्ठ सहायक रविंद्र तिवारी, वरिष्ठ सहायक नक्षत्र वाजपेयी आदि मौजूद रहे।