नौकरी के नाम पर बेरोजगार युवकों को झांसा देकर ठगी करने के मामले में पांच युवकों के खिलाफ थाना सदर बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके सोमवार को जेल भेज दिया है।
थाना सदर बाजार पुलिस ने रविवार को थाना कांट क्षेत्र के गांव करमोरी निवासी जसवीर की शिकायत पर पुलिस सैनिक कॉलोनी में छापा मारकर नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले पांच युवकों को दबोचा था। जसवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि कंपनी के पंपलेट दीवारों पर चिपके देखे थे। जिस पर लिखे नंबर पर संपर्क किया तो उन्होंने कंपनी के बारे में जानकारी और सैनिक कॉलोनी में स्थित अपने कार्यालय पर बुलाया। उसके साथ कांट के राशिद, गांव करमोरी के धीरज, मोहल्ला सराय काइयां निवासी आदिल और बब्बू कुरैशी भी कार्यालय पहुंचे थे। कंपनी के लोगों ने नौकरी का झांसा देकर हजारों रुपये ठग लिए थे। पकड़े गए युवकों में कलान निवासी अवनीश, प्रतापगढ़ निवासी कौशलेंद्र, सीतापुर निवासी मुलायम सिंह, बाराबंकी निवासी नदीम और उन्नाव निवासी राजवीर सोमवार को कोर्ट में पेश करने बाद जेल भेज दिया गया।