शाहजहांपुर का कुख्यात बदमाश सुनील उर्फ टुईया अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार के समक्ष उपस्थित हु?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पुलिस की कार्रवाई से भयभीत हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ टुईंया गले में तख्ती डालकर दोपहर एक बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। तख्ती पर सुनील ने लिख रखा था ‘मैं सुनील उर्फ टुईंया अपराध से तौबा करता हूं। यदि मेरे द्वारा भविष्य में कोई भी अपराध किया जाता है तो मेरा एनकाउंटर कर दिया जाए।’
मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव पहाड़पुर कुडरा निवासी सुनील उर्फ टुईंया ने 2005 से अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उस पर लूट, डकैती, चोरी, हत्या का प्रयास, मादक पदार्थों की तस्करी आदि के 14 मुकदमे मिर्जापुर, अल्हागंज, जलालाबाद और खुदागंज थानों में दर्ज है। हिस्ट्रीशीटर अभी कुछ दिन पहले ही जमानत पर छूटकर बाहर आया था। उसे संदेह था कि पुलिस उसे फिर किसी मुकदमे में निरुद्ध कर जेल भेज देगी।
इसलिए, उसने अपराध से तौबा करने की ठान ली। उसने गले में तख्ती डालकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। गले में अपराध न करने की तख्ती को देखकर सभी की निगाहें उसकी तरफ घूम गईं। वह सीधे एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी के चैंबर में पहुंचा और अपराध से तौबा किया। एसपी देहात ने उसे अपने वादे पर कायम रखने की चेतावनी देते हुए घर भेज दिया।
हिस्ट्रीशीटर सुनील उर्फ टुइयां अपराधी है। जेल से बाहर आने के बाद अपराध से तौबा करते हुए सामान्य व्यक्ति की तरह जिंदगी जीना चाहता है। उससे कहा गया है कि अगर वह अपराध नहीं करेगा तो पुलिस उससे सामान्य नागरिक की तरह व्यवहार करेगी। - संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी देहात