शाहजहांपुर। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के बैनर तले राजकीय मेडिकल कॉलेज के पीएमएस संवर्ग के चिकित्सकों ने चार माह से वेतन न मिलने के विरोध में दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान हुई सभा में मांगें पूरी न होने तक आरपार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया गया।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. एपी आर्या व सरोज कुमार के नेतृत्व में बुधवार को पीएमएस संवर्ग के चिकित्सकों ने सुबह नौ बजे से कार्य बहिष्कार कर दिया। इस दौरान एक सभा आयोजित की गई, जिसमें चार माह से वेतन न दिए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. जेडी बंसल, महामंत्री डॉ. सुभाष कनौजिया और उत्तर प्रदेश प्रयोगशाला प्राविधिक संघ के अध्यक्ष जयपाल सिंह व मंत्री रामू नायक, राजकीय नर्सेज संघ के संरक्षक संदेश कुमार, मंत्री ललित कुमार ने कार्य बहिष्कार का समर्थन करने पहुंचे।
सभा में जिलाध्यक्ष डॉ. एपी आर्या ने कहा कि चार महीने से वेतन ना मिलने के कारण चिकित्सकों के आगे आर्थिक संकट पैदा हो गया है। कई बार मांगपत्र दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। कोरोना काल में चिकित्सकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बिना अवकाश लिए ड्यूटी की है। इसके बावजूद उपेक्षित किया जाना बेहद निंदनीय है। डॉ. सरोज कुमार ने कहा कि इस संबंध में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। जल्द से जल्द वेतन भुगतान किया जाए। दो घंटे कार्य बहिष्कार के बाद पूर्वाह्न 11 बजे सभी चिकित्सक काम पर लौट गए। इस मौके पर डॉ. शबाहत हुसैन, डॉ. केसी वर्मा, अनूप मिश्रा, डॉ. वीके गंगवार, डॉ. किरन गुप्ता आदि मौजूद रहे।