शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव करौंदी निवासी राजाराम उर्फ राजू (50) की सिर पर डंडा मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में गांव के ही आरोपी पवन को ग्राम पिपरिया चौहान मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। बताया कि शराब पीकर गाली देने पर उसका विवाद हो गया था। आवेश में आकर उसने डंडा मार दिया।
एक जनवरी की शाम को राजाराम उर्फ राजू का शव उनकी कोठरी में चारपाई पर मिला था। मृतक के भाई प्रेमपाल ने हत्या के आरोप में थाने में सूचना दी थी। जांच के दौरान राजाराम के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था, जिसमें सिर पर डंडा लगने से मौत की पुष्टि हुई।
मृतक के भाई प्रेमपाल ने थाने में तहरीर दी। बताया कि गांव के जगपाल व उसके बेटे पवन ने राजाराम के सिर पर डंडा मारकर हत्या की है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि राजाराम शराब पीकर आए दिन लोगों के साथ विवाद करता था। एक जनवरी को विवाद होने पर पवन ने उसके सिर पर डंडा मार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। संवाद