हरदोई बाईपास पर अतिक्रमण किए दुकानदार
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। हरदोई चौराहे अतिक्रमण की जद में आ गया है। इसके चलते वाहनों और लोगों का निकलना दूभर हो गया है। तमाम लोगों ने खोखे, ठेले आदि लगाकर चौराहे पर कब्जा कर रखा है। इससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। वहीं हादसे की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
हरदोई बाईपास चौराहे से बरेली मोड़, सीतापुर, हरदोई एवं शहर के अंदर रास्ते जाते हैं। चौराहे के चारों ओर लोगों ने खोखे, ठेलें आदि लगा रखे हैं। कई दुकानदारों ने तो अपनी दुकान का सामान सड़क पर सजा रखा है। इससे बड़े वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ता है। तमाम बार रोडवेज बसें और एंबुलेंस भी इसमें फंस जाती हैं।
राहगीरों का कहना है कि उक्त अतिक्रमणकारियों से जब सड़क पर सजा सामान हटाने को कहा जाता है तो वे लड़ाई झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। तमाम बार पुलिस से संबंधित शिकायत की गई पर नतीजा सिफर रहा। हरदोई रोड पर रोड के दोनों ओर, सीतापुर रोड पर रोड के बायीं तरफ, बरेली मोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर ऑटो एवं ट्रक खड़े होने तथा शहर की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण होने के चलते रास्ता काफी सकरा हो गया है।
सड़क पर अतिक्रमण होने के चलते भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। तमाम लोगों ने रोड पर दुकानों का सामान सजा रखा है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलना चाहिए। - रवि राठौर
रोड पर खोखे, ठेले आदि खड़े होने से जाम लग जाता है। कई बार रोडवेज बसें एवं एंबुलेंस इसमें फंस जाती हैं। चौराहे को अतिक्रमण मुक्त किया जाना बेहद आवश्यक है। -संजीव सिंह
हरदोई रोड पर रोड के दोनों और दुकानें लगी हुई हैं। जिससे बड़ा वहां आने पर जाम लग जाता है। इसके पीछे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस वजह से अपने गंतव्य की ओर जाने वाले वाहन चालकों को दिक्कत होती है। - तहजीब खां