बंडा। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना चार माह पूर्व की है। घटना के बाद पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
बंडा क्षेत्र के गांव की महिला ने बताया पड़ोस के गांव के युवक को उसने दस माह पूर्व 50 हजार रुपये उधार दिए थे। कई बार मांगने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए। 22 अक्तूबर 2021 को आरोपी के गांव के अनूप कुमार और रमाकांत ने उसे फोन कर कहा कि वह गांव आ जाए। फैसला करवाकर रुपये दिलवा दिए जाएंगे। 22 अक्तूबर शाम साढ़े छह बजे बजे वह अपने पुत्र को लेकर अनूप के घर पहुंची तो अनूप ने उनके पुत्र को अपने घर पर बिठा लिया और उसे पड़ोस में बने मोबाइल टॉवर के कमरे में ले गया।
टॉवर पर रमाकांत और अनूप ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दो लोग बाहर पहरेदारी करते रहे। दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने तमंचा तान कर धमकी दी कि रुपये मांगे और कहीं शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। आरोपियों के चुंगल से छूटने पर वह घर आई और पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने पति के साथ थाने जाकर तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अधिकारियों को पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।