शाहजहांपुर में जुमे की नमाज को लेकर लाल इमली चौराहे स्थित मजिस्द के बाहर तैनात पीएसी के जवान । सं?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। देश भर में पिछले शुक्रवार को हुए बवाल के बाद जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज अदा की गई। शहर के अमन पर आंच आने से बचाने के लिए सभी ने सहयोग की भावना से कार्य किया। नमाज के दौरान मुल्क में अमन-चैन की दुआ की गई।
पिछले कई दिन से जुमे की नमाज को लेकर तैयारियां चल रही थीं। शुक्रवार को एसपी एस. आनंद के निर्देश के बाद सभी थाना क्षेत्र की मस्जिदों के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगाह रही। जामा मस्जिद में शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने सभी से सब्र से काम लेने का आह्वान किया।
उन्होंने मुल्क की तरक्की व अमनों-अमान के लिए दुआ की। जिले की अन्य मस्जिदों में शांति के साथ नमाज अदा की गई। नमाज को देखते हुए पुलिस लगातार सतर्क रही। धार्मिक स्थल पर निगाह रखने के साथ ही ड्रोन से भी व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस के अधिकारी भी लगातार सक्रिय रहे। डीएम और एसपी भी पल-पल का अपडेट अधीनस्थों से लेते रहे।
बारिश के लिए की गई दुआ
जुमे की नमाज के दौरान एक तरफ जहां अमन-चैन के लिए दुआ की गई। वहीं, दूसरी तरफ भीषण गर्मी को देखते हुए अल्लाह से बारिश के लिए गुजारिश की। सभी ने आमीन की सदाओं को बुलंद किया।
तिलहर में अधिकारी करते रहे निगरानी
तिलहर। तहसील क्षेत्र में जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर रहा। एडीएम गिरिजेश चौधरी, एसडीएम राशि कृष्णा एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी और सीओ अरविंद कुमार भारी पुलिस बल के साथ चप्पे-चप्पे पर निगरानी करते रहे। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से नगर में दो कंपनी पीएसी तैनात की गई। प्रमुख मस्जिदों पर पुलिस का पहरा लगा रहा। संवाद