शाहजहांपुर। एसओजी टीम व सदर बाजार पुलिस ने चार पहिया वाहन चोरों के अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही दो कार व बाइक के कटे पार्ट भी बरामद किए हैं। गैंग रात में घरों के बाहर खड़ी कारों को चोरी कर फरीदपुर व बहेड़ी में कबाड़ी के गोदाम में कटवा देते थे। गैंग के सदस्यों ने दिल्ली व जनपद में घटनाएं करने की बात स्वीकार की है।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि एसओजी प्रभारी रोहित सिंह व सदर बाजार पुलिस ने वीर अब्दुल हमीद चौराहे से शुक्रवार शाम पौने सात बजे पांच संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में युवकों ने बाइक व कार चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने मोहम्मद रफी व मोहम्मद फैज निवासी मोहल्ला मिरधान थाना फरीदपुर बरेली, हाल निवासी गली नंबर छह पुरानी सीमापुरी जनपद गाजियाबाद, इकबाल खान निवासी मोहल्ला बारादरी थाना सदर बाजार हाल निवासी ग्राम छिजारसी, हनुमान मंदिर जिला गौतमबुद्धनगर, पीलीभीत के थाना बीसलपुर के ग्राम वर्रा सकतपुर निवासी सलामत व इसी थाना क्षेत्र के मोहल्ला मिरधान के आमिर हुसैन को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि गैंग का लीडर मोहम्मद रफी है। उसका मकान बारादरी मोहल्ले में भी है। दिल्ली आने-जाने के दौरान उसकी दोस्ती इकबाल खान से हुई। रफी पहले से आमिर हुसैन को जानता था। आमिर की फरीदपुर में मोटर पार्ट्स की दुकान है। दिल्ली में इनका गैंग तैयार हुआ। पहले दिल्ली में वारदातों को अंजाम दिया। वहां पकड़े नहीं जाने पर फरवरी 2022 से जनपद में चोरियां करने लगे। गैंग के सदस्य रात में घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को चोरी कर फरीदपुर व बहेड़ी में अपने साथियों की मदद से भेजकर वसीम कबाड़ी को बेच देते थे।
जहां गाड़ियों को काट दिया जाता था। तीन माह बीच-बीच में 15 दिन के लिए यहां आकर घटनाएं करते थे। पुलिस ने दो चार पहिया वाहन समेत बाइकों के पार्ट्स भी बरामद किए हैं। एसपी ने चोर गैंग को पकड़ने वाली एसओजी टीम को 25 हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है। एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी सरवणन टी. आदि मौजूद रहे।