खुटार में रेंजर और भाकियू जिलाध्यक्ष के बीच होती नोकझोंक
- फोटो : POWAYAN
खुटार। सोमवार को हुई पैमाइश के बाद मंगलवार को वन विभाग की टीम जमीन पर पौधरोपण के लिए गड्ढे खुदवाने पहुंची तो किसानों और वनकर्मियों के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। भाकियू पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और वन विभाग की टीम से विरोध जताया।
खुटार के गांव गढ़िया सरेली और छापाबोझी में वन विभाग की भूमि का पैमाइश कर कब्जा दिलाया था। मंगलवार को वन विभाग की टीम खाली कराई गई जमीन पर पौधरोपण के लिए गड्ढे खुदवाने पहुंची तो किसानों ने जमीन पर फसल खड़ी होने की बात कहते हुए विरोध जताना शुरू कर दिया। जानकारी पाकर भाकियू के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह धालीवाल, सुखचैन सिंह आदि भी मौके पर पहुंच गए और वन विभाग की टीम को गड्ढे खोदने से रोक दिया।
वनकर्मियों ने मामले की जानकारी रेंजर डीएस यादव को दी। रेंजर ने किसान नेताओं से वार्ता की और बताया कि वन भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। पैमाइश कर कब्जा हटवाया है। भाकियू जिलाध्यक्ष और रेंजर के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मंजीत सिंह ने एसडीएम सतीश चंद्रा से बात की। इसके बाद रेंजर ने किसानों को दस दिन में फसल काट लेने को कहा। रेंजर ने कहा, इसके बाद भूमि पर पौधरोपण करा दिया जाएगा।