गांव फत्तेपुर बुजुर्ग में आग से जला घर और बाइक
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। गांव फत्तेपुर बुजुर्ग में सोमवार दोपहर बाद आग लगने से पांच घरों में सारा सामान जल कर खाक हो गया। गांव के लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। करीब आठ लाख रुपये का सामान जल गया है। घरों में अन्न का दाना भी नहीं बचा।
फत्तेपुर बुजुर्ग के ऊदनलाल के घर दिन में तीन बजे अचानक आग लग गई। तेज हवा चलने से आग कुछ ही देर में विकराल हो गई। आग से ऊदनलाल के घर में खड़ी बाइक, बर्तन, कपड़े, नकदी और घरेलू सामान जल गया। इसके बाद आग पड़ोस के नन्हेलाल और रोहित मिश्रा के घर में फैल गई। कुछ ही देर में घर में रखा सामान जल गया। यहां रखी कंबाइन की दो बैटरी, तमाम घरेलू सामान, नकदी आदि जल गया। लोगों ने बमुश्किल बाहर भाग कर जान बचाई।
लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तब तक आग प्रहलाद के घर तक पहुंच गई। प्रहलाद के घर नकदी, जेवर, घरेलू सामान सहित लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गई। आग ने अरविंद कुमार के घर को भी चपेट में ले लिया और सारा घरेलू सामान जल गया। गांव के लोगों ने एकजुट होकर पावर स्प्रे मशीन आदि से आग पर काबू पा लिया।
कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी गांव पहुंच गई और आग को बुझाने में गांव के लोगों की मदद की। पीड़ितों से अनुसार आग से पांचों धरों में लगभग आठ लाख रुपये का सामान जल गया है। पीड़ितों ने तहसील प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। जिन घरों में आग लगी है, वहां खाने को अन्न का दाना तक नहीं बचा है।