बृहस्पतिवार को गांव करनापुर,नत्थापुर और बड़ागांव में बुखार से तीन लोगों की मौत हो गई। इससे मृतकों के घर कोहराम मचा हुआ है।
ग्राम बड़ागांव निवासी मेडिकल स्टोर स्वामी शरद उर्फ सोनू को कई दिन से बुखार आ रहा था। स्थानीय स्तर पर इलाज के दौरान लाभ नहीं होने पर परिवार के लोगों ने उन्हें शाहजहांपुर में भर्ती कराया था। बुधवार शाम इलाज के दौरान सोनू ने दम तोड़ दिया। इससे घर में कोहराम मच गया। बृहस्पतिवार को सोनू का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में अन्य कई लोग बुखार से पीड़ित हैं, लेकिन मच्छरों आदि से बचाव के लिए फॉगिंग नहीं कराई गई है। उधर गांव नत्थापुर निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सतनाम सिंह के युवा पुत्र जगदीप सिंह की बुधवार को बुखार से मौत हो गई। जगदीप कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। जगदीप की मौत पर भाजपा नेता राजवीर सिंह, खुटार के पूर्व ज्येष्ठ उप ब्लाक प्रमुख पाल सिंह ने उनके घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की।
इसके अलावा गांव करनापुर निवासी 35 वर्षीय यूसुफ को सोमवार से बुखार आ रहा था। बृहस्पतिवार को परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए शाहजहांपुर ले जा रहे थे, लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी नुमायरा का रो-रोकर बुरा हाल है।
विधायक शकुंतला देवी ने यूसुफ के घर जाकर परिवार के लोगों को सांत्वना दी। विधायक के साथ मनीष कुमार राठौर, उत्तम मिश्रा, डीपी सिंह, रामकिशोर मिश्रा, रामलड़ैते मौर्या आदि ने भी मृतक के परिवार को सांत्वना दी।