शाहजहांपुर। ककरा कलां बिजली उपकेंद्र की 33 केवी क्षमता वाली हाईटेंशन इनकमिंग लाइन में मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे आई खराबी छह घंटे बाद दूर हो सकी। प्रभावित इलाकों में मंगलवार रात आठ बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, लेकिन बाद में हाईटेंशन लाइनों पर ट्रिपिंग की समस्या पैदा हो गई। बुधवार दोपहर तक ककरा कलां समेत निगोही रोड गदियाना उपकेंद्र के फीडर ट्रिपिंग के शिकंजे में बने रहे। उधर, रोजा उपकेंद्र पर चौथे दिन भी दस एमवीए के जले ट्रांसफार्मर के स्थान पर लगाया नया ट्रांसफार्मर अभी तक चालू नहीं हो सका।
बीते रविवार को दोपहर रोजा बिजली उपकेंद्र के यार्ड में रखा दस एमवीए का ट्रांसफार्मर किसी अंदरूनी तकनीकी खराबी से आग लगने से जलकर नष्ट हो गया था। चूंकि, इतने भारी-भरकम ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाना संभव नहीं था और उसके स्थान पर नए ट्रांसफार्मर की मांग अगले दिन उच्चाधिकारियों को भेजी गई। इसलिए वहां के रोजा टाउन, रोजा रेलवे और मिश्रीपुर फीडर से जुड़े लोगों को बिजली देने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इसके लिए अब्दुल्लागंज और ककरा उपकेंद्रों की लाइनों से प्रभावित क्षेत्रों को जोड़ा गया।
नतीजा यह हुआ कि ककरा उपकेंद्र को बिजली देने वाली 33 केवी इनकमिंग लाइन बीते दिन दोपहर पैना से ककरा के बीच करीब आधा दर्जन स्थानों पर खराब हो गई। शार्ट सर्किट से कहीं तार टूट गए तो कहीं जंपर जल गए। इस वजह से ककरा के विभिन्न फीडरों से जुड़े सुभाषनगर, मामुड़ी, ईदगाह तिराहा, आनंदपुरम, आजादपुरम, विश्वकर्मा चौक, मदराखेल, तिलहरजई, लोहारों का चौराहा, बीबीजई, हद्दफ, अलीजई (आंशिक), महमंद जंगला, कनौजिया तिराहा आदि क्षेत्रों के उपभोक्ता करीब छह घंटे तक बिजली को तरस गए। इस खराबी के कारण रोजा के फीडरों पर की गई बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था भी ठप हो गई।
मंगलवार रात करीब आठ बजे ककरा उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में करंट दौड़ा तो प्रभावित इलाकों के लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। चूंकि, इसी लाइन से रोजा उपकेंद्र को भी आपूर्ति जारी रखी गई। इसलिए, लाइन पर बिजली भार बढ़ने से उसमें ट्रिपिंग हो गई। बुधवार को दोपहर बाद से ट्रिपिंग में थोड़ा सुधार हुआ, लेकिन एक घंटे के अंतराल पर कुछ देर को बिजली जाने का क्रम बना रहा। उधर, रोजा उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता गुलशन कुमार ने बताया कि यार्ड में दस एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाकर बुधवार शाम उसकी टेस्टिंग करा ली गई, लेकिन उससे बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार सुबह से शुरू कराई जाएगी।
कलान-उसावां लाइन का तार टूटा, आपूर्ति ठप
शाहजहांपुर। बुधवार को कलान-उसावां हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। इससे कई घंटे बिजली सप्लाई ठप रही। तार जोड़े जाने के बाद दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। लोग पानी को तरस गए। बुधवार सुबह अचानक इलाके की बिजली ठप हो गई। कलान-उसावां हाईटेंशन लाइन का तार बुधवार सुबह करीब छह बजे राजा नगला गांव की मोड़ के पास महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के पीछे अचानक टूट गया था। विद्युतकर्मी सुरेन्द्र शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने तार को जोड़ा। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे के बाद बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद