किसान सहकारी चीनी मिल पुवायां में प्रदर्शन करते किसान
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। किसान सहकारी चीनी मिल एक हफ्ते में तीसरी बार बंद होने से नाराज किसानों ने मिल परिसर में प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने मिल की मशीनरी पर आए खर्च की जांच कराने की मांग भी की है।
किसान सहकारी चीनी मिल इस पेराई सत्र में मशीनरी की खराबी के चलते आए दिन बंद हो रही है। इससे गन्ना लेकर आने वाले किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मशीनरी में खराबी के चलते मिल एक हफ्ते में दो बार पहले ही बंद हो चुकी है। शुक्रवार सुबह भी तौल बंद कर दी गई। किसानों ने जानकारी की तो बताया कि बारिश के कारण तौल नहीं की जा रही है। मौसम साफ होने पर तौल की जाएगी।
इससे नाराज किसानों ने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों का आरोप था कि भीषण सर्दी में किसान गन्ना लेकर मिल आए हैं और तौल नहीं होने के कारण उनको सर्दी में रात मिल परिसर में खुले में काटनी पड़ेगी। प्रबंधन की नाकामी के चलते इस सत्र में मिल आए दिन बंद हो जाती है, जिससे किसानों को भारी समस्या होती है। मिल की मशीनरी पर मरम्मत के नाम पर खर्च की गई राशि की जांच की जानी चाहिए।
मिल बंद होने की सूचना पर भाकियू किसान सरकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कश्यप मिल पहुंचे और आरोप लगाया कि मिल को शुक्रवार को बंद कर दिया गया। भीषण सर्दी में तमाम किसान गन्ने से भरी ट्रॉली लेकर मिल परिसर में खड़े हुए हैं। मिल की ओर से किसानों को सर्दी से बचाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन में जांच की मांग की है। इस दौरान निर्मल, हरीप्रसाद, रामप्रसाद, शशिकांत, श्रीकांत, सतेंद्र सिंह, वीर सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
किसान सहकारी चीनी मिल में गन्ने से भरी खड़ी ट्रालियां- फोटो : POWAYAN